
अन्नप्राशन व गोद भराई कार्यक्रम के साथ लाभार्थियों को प्रमाण पत्र और बच्चों को वितरित किए गए खिलौने, महिलाओं को सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी
- राकेश कुमार
बांदा। महिला एवं बाल कल्याण विभाग तथा बाल सेवा एवं पुष्टाहार विभाग के तत्वावधान में सेवा संकल्प अभियान एवं पोषण माह के अंतर्गत 1 अक्टूबर 2026 को नगर पालिका तिंदवारी में पोषण जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने महिलाओं, गर्भवती माताओं और बच्चों को पोषण के महत्व के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम के दौरान कामिनी सिंह द्वारा सनी, प्रिया और धनंजय को खीर खिलाकर अन्नप्राशन कराया गया। वहीं, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की लाभार्थी अनुराधा और नीलम को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। गर्भवती महिला की गोद भराई की रस्म भी कराई गई। इस दौरान बच्चों को खिलौने वितरित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

महिला कल्याण विभाग की ओर से कामिनी सिंह ने उपस्थित महिलाओं को विभाग द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने महिला हेल्पलाइन नंबर के बारे में बताते हुए महिलाओं को आवश्यकता पड़ने पर सहायता लेने के लिए जागरूक किया।
कार्यक्रम में बाल विवाह की रोकथाम और दहेज प्रतिषेध कानून से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी भी दी गई। महिलाओं से बाल विवाह एवं दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ जागरूक रहने और अपने आसपास के लोगों को भी जागरूक करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम में नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी राज नारायण गुप्ता, नगर पालिका अध्यक्ष सुधा साहू, किसान नेता राजेंद्र द्विवेदी, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनूप तिवारी, लवी शुक्ला, मनीष, आराधना, गुड़िया, नीलम देवी सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता एवं बच्चे उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के माध्यम से पोषण, महिला सशक्तिकरण, बाल संरक्षण तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं के प्रति लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया गया।


