HomeNEWSमिशन शक्ति अभियान के तहत 215 परिवारों को सम्मानित कर लिया गया...

मिशन शक्ति अभियान के तहत 215 परिवारों को सम्मानित कर लिया गया फीडबैक

कानपुर नगर के 51 थानों के मिशन शक्ति केंद्रों एवं परिवार परामर्श केंद्रों पर आयोजित हुआ कार्यक्रम, पारिवारिक विवादों के समाधान और आपसी संवाद को दिया गया बढ़ावा

  • प्रियंका द्विवेदी

कानपुर नगर। मिशन शक्ति अभियान फेज-6 के अंतर्गत पुलिस कमिश्नरेट कानपुर नगर के 51 थानों में संचालित मिशन शक्ति केंद्रों एवं परिवार परामर्श केंद्रों पर 215 परिवारों के पक्षकारों को सम्मानित करने एवं फीडबैक लेने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम 16 अक्टूबर 2026 को पुलिस आयुक्त कानपुर नगर रघुबीर लाल के निर्देशन में आयोजित हुआ।

अपर पुलिस आयुक्त मुख्यालय/अपराध संकल्प शर्मा के मार्गदर्शन तथा अपर पुलिस उपायुक्त महिला अपराध स्नेहा तिवारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य पारिवारिक विवादों के समाधान में पुलिस की परामर्श व्यवस्था के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत करना और सफलतापूर्वक सुलझाए गए मामलों का फीडबैक प्राप्त करना रहा।

कार्यक्रम में ऐसे पारिवारिक प्रकरणों से संबंधित पति-पत्नी एवं उनके परिजनों को आमंत्रित किया गया, जिनमें पहले आपसी मतभेद, पारिवारिक विवाद एवं अन्य समस्याएं उत्पन्न हुई थीं। इन मामलों में मिशन शक्ति केंद्रों एवं परिवार परामर्श केंद्रों के माध्यम से काउंसलिंग और परामर्श की प्रक्रिया अपनाई गई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों की बात सुनकर आपसी संवाद, समझाइश और काउंसलिंग के जरिए विवादों को सुलझाने तथा परिवारों को पुनः एकजुट करने का प्रयास किया।

इस अवसर पर पूर्व में सफलतापूर्वक सुलह-समझौता करने वाले परिवारों को दोबारा केंद्रों पर आमंत्रित कर उनकी वर्तमान पारिवारिक स्थिति की जानकारी ली गई। साथ ही पुलिस द्वारा उपलब्ध कराई गई परामर्श व्यवस्था, काउंसलिंग प्रक्रिया और विवादों के समाधान को लेकर उनका फीडबैक प्राप्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान संबंधित परिवारजनों को सम्मानित कर पारिवारिक सौहार्द, आपसी समझ और संवाद के महत्व के प्रति प्रोत्साहित किया गया।

मिशन शक्ति केंद्रों एवं परिवार परामर्श केंद्रों के माध्यम से पुलिस पारिवारिक विवादों के समाधान में संवेदनशीलता और संवाद को प्राथमिकता दे रही है। इसके जरिए संबंधित पक्षों को अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिलता है और आपसी सहमति से विवादों का समाधान तलाशने में मदद मिलती है। इस पहल से पारिवारिक संबंधों में उत्पन्न तनाव कम करने, आपसी विश्वास बहाल करने तथा परिवारों को टूटने से बचाने का प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पारिवारिक विवादों के निस्तारण में पुलिस की परामर्श व्यवस्था के प्रति आमजन का विश्वास मजबूत करना, सफलतापूर्वक सुलझाए गए मामलों का फीडबैक प्राप्त करना तथा मिशन शक्ति अभियान के माध्यम से महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और पारिवारिक समस्याओं के प्रभावी समाधान को बढ़ावा देना है।

कमिश्नरेट कानपुर नगर पुलिस द्वारा मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उनकी समस्याओं के प्रति संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई करने तथा पारिवारिक विवादों के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments