HomeNEWSमिशन शक्ति केंद्रों के लिए 11 नए प्रशिक्षण पाठ्यक्रम तैयार करने में...

मिशन शक्ति केंद्रों के लिए 11 नए प्रशिक्षण पाठ्यक्रम तैयार करने में योगदान देने वाले पुलिस अधिकारियों को मिला प्रशस्ति-पत्र

एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने रत्ना पाण्डेय और जया परिहार को किया सम्मानित, मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभावी संचालन एवं प्रशिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में किया गया सराहनीय कार्य

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। उत्तर प्रदेश में मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभावी क्रियान्वयन और बेहतर संचालन की दिशा में किए गए उल्लेखनीय कार्य के लिए कानपुर जोन में तैनात पुलिस अधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। अपर पुलिस महानिदेशक, कानपुर जोन, कानपुर अनुपम कुलश्रेष्ठ ने जोनल कार्यालय में कार्यरत रत्ना पाण्डेय, अपर पुलिस अधीक्षक एवं स्टाफ ऑफिसर तथा जया परिहार, विशेष कार्याधिकारी को यह प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया। दोनों अधिकारियों ने मिशन शक्ति केंद्रों के लिए प्रशिक्षण व्यवस्था को अधिक प्रभावी एवं सुव्यवस्थित बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा मिशन शक्ति केंद्रों के क्रियान्वयन में सामने आ रही व्यावहारिक कठिनाइयों तथा उनके प्रभावी संचालन से जुड़े विषयों के तथ्यपरक एवं व्यावहारिक विश्लेषण के लिए प्रदेश के सभी आठ जोनल अपर पुलिस महानिदेशकों की अध्यक्षता में आठ समितियों का गठन किया गया था। इन समितियों को मिशन शक्ति केंद्रों की कार्यप्रणाली में सुधार लाने और उनकी उपयोगिता बढ़ाने के उद्देश्य से विभिन्न महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई थीं।

इसी क्रम में कानपुर जोन को प्रशिक्षण की समग्र आवश्यकता, प्रशिक्षण के प्रकार एवं विषय-वस्तु, प्रशिक्षण की अवधि एवं आवृत्ति, प्रशिक्षण के माध्यम तथा प्रशिक्षण सामग्री के विकास एवं तैयारी से संबंधित कार्य आवंटित किए गए थे। इन विषयों के व्यापक विश्लेषण के आधार पर मिशन शक्ति केंद्रों के प्रभावी एवं व्यवस्थित संचालन के लिए प्रशिक्षण की आवश्यकताओं और कार्यप्रणाली को बेहतर बनाने पर विशेष ध्यान दिया गया।

इस दिशा में रत्ना पाण्डेय और जया परिहार ने प्रशिक्षण की जरूरतों, विषय-वस्तु एवं कार्यप्रणाली के विश्लेषण में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके प्रयासों से 11 नवीन एवं उपयोगी प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों (फ्रेमवर्क/करिकुलम) को तैयार कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई। इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य मिशन शक्ति केंद्रों से संबंधित कार्यों के निष्पादन में प्रशिक्षण व्यवस्था को अधिक व्यावहारिक, प्रभावी और सुव्यवस्थित बनाना है।

इस सराहनीय योगदान के लिए एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने दोनों अधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर उनके कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने उनके प्रयासों को महत्वपूर्ण बताते हुए शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

मिशन शक्ति केंद्रों के संचालन में प्रशिक्षण व्यवस्था को मजबूत बनाने की यह पहल महिला सुरक्षा से संबंधित कार्यों को अधिक प्रभावी ढंग से संपादित करने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments