मिशन शक्ति के तहत माखी में जागरूकता रैली, महिलाओं को किया गया जागरूक

- मनीष कुमार
उन्नाव। मिशन शक्ति अभियान फेज-05 के अंतर्गत थाना माखी क्षेत्र में जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव के निर्देशानुसार संचालित किया गया, जिसमें मिशन शक्ति केंद्र की टीम ने सक्रिय भूमिका निभाई।
रैली के दौरान पुलिस टीम ने स्कूटी और बाइक के माध्यम से पूरे कस्बा क्षेत्र का भ्रमण किया और महिलाओं व बालिकाओं को उनकी सुरक्षा, अधिकारों और आत्मनिर्भरता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान महिला सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उन्हें समाज में सम्मानपूर्वक जीवन जीने के लिए प्रेरित किया गया।
अभियान के तहत विभिन्न स्थानों पर रुककर पुलिसकर्मियों ने आमजन को महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों—1090 (महिला पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) और 1930 (साइबर क्राइम हेल्पलाइन)—की जानकारी दी। साथ ही आपात स्थिति में इन सेवाओं का उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।

इसके अतिरिक्त टीम ने सरकार की विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए महिलाओं को उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। रैली के माध्यम से साइबर अपराधों के प्रति भी जागरूक किया गया और ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय बताए गए।
यह जागरूकता रैली थाना माखी क्षेत्र के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पूरे कस्बे में सफलतापूर्वक संपन्न हुई। स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे समाज में सकारात्मक बदलाव की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। पुलिस विभाग ने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत ऐसे कार्यक्रम आगे भी लगातार आयोजित किए जाते रहेंगे।



