
उत्तर, दक्षिण एवं ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास, लाभार्थियों को वितरित किए स्वीकृति-पत्र एवं प्रमाण-पत्र
- सुनील त्यागी
आगरा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगरा जनपद के उत्तर, दक्षिण एवं ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों के विकास को नई गति देते हुए ₹342 करोड़ से अधिक लागत की 53 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। इस अवसर पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को स्वीकृति-पत्र एवं प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन विकास परियोजनाओं से आगरा में सड़क, पेयजल, शहरी आधारभूत ढांचे और नागरिक सुविधाओं को और मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति-पत्र एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के प्रयासों से आगरा को स्मार्ट, सुरक्षित एवं भविष्य के लिए तैयार (Smart, Safe and Future-Ready City) शहर के रूप में विकसित किया जा रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नई विकास परियोजनाएं क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक और शहरी विकास को नई गति प्रदान करेंगी।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने सभी लाभार्थियों को बधाई देते हुए विकास कार्यों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने के निर्देश भी दिए।


