
डॉ. सिधांशु राय व डॉ. शरद बाजपेई की पहल; जरूरतमंदों को निःशुल्क एवं रियायती स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। “मुस्कुराए कानपुर, संकल्प खुशहाल कानपुर” अभियान के तहत कानपुर हेल्थ कमेटी के सहयोग एवं कनिका हॉस्पिटल के बैनर तले एस.आर. मेमोरियल चैरिटेबल हॉस्पिटल का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने अस्पताल का उद्घाटन करते हुए इसे समाज सेवा की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
सतीश महाना ने कहा कि “जब इरादे नेक हों तो समाज खुद रास्ते बना देता है। यह हॉस्पिटल केवल ईंट-पत्थर की इमारत नहीं, बल्कि मानवता की सेवा का मंदिर है। मुझे विश्वास है कि यह प्रयास हजारों जरूरतमंद परिवारों के जीवन में मुस्कान लौटाएगा।”

विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्या एवं नीमा फोरम की सचिव डॉ. वंदना पाठक ने कहा कि स्वास्थ्य केवल शरीर का नहीं, बल्कि मन और आत्मा का भी होता है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में एलोपैथी के साथ आयुर्वेद, योग एवं नेचुरोपैथी के समन्वित उपचार की व्यवस्था की गई है। उनका कहना था कि सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है और यहां मरीज की पीड़ा को प्राथमिकता दी जाएगी।
कानपुर हेल्थ कमेटी के समन्वयक डॉ. शरद बाजपेई ने कहा कि यह अस्पताल केवल एक स्वास्थ्य केंद्र नहीं, बल्कि जरूरतमंदों के लिए उम्मीद की नई किरण है। उन्होंने कहा कि जब समाज मिलकर काम करता है तो असंभव भी संभव हो जाता है और यहां मरीजों को दवा के साथ दुआ भी मिलेगी।
कानपुर हेल्थ कमेटी के संस्थापक डॉ. सिधांशु राय ने कहा कि अब कोई भी व्यक्ति केवल आर्थिक अभाव के कारण इलाज से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि यह चैरिटेबल हॉस्पिटल नहीं, बल्कि एक ऐसा परिवार है, जिसके दरवाजे हर जरूरतमंद के लिए हमेशा खुले रहेंगे।

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन एवं “मुस्कुराए कानपुर” के अध्यक्ष डॉ. अनुराग मेहरोत्रा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि अस्पताल के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को निःशुल्क तथा अत्यंत रियायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य परामर्श और उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
अस्पताल से जुड़े 25 वरिष्ठ एवं अनुभवी चिकित्सकों ने संयुक्त रूप से कहा कि उनका पहला धर्म मरीज का उपचार करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यहां मरीजों से जाति, धर्म या आर्थिक स्थिति नहीं पूछी जाएगी, बल्कि सभी को समान भाव से चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कार्यक्रम का संयोजन डॉ. अमरनाथ कश्यप ने किया, जबकि संचालन शिवांगी द्विवेदी ने किया। इस अवसर पर डॉ. वी.एन. त्रिपाठी, डॉ. राज तिलक, डॉ. नजम हमराज, डॉ. मंजुलिका बाजपेई, अमित अग्रवाल, राजेश ग्रोवर, डॉ. पंकजा पांडे, संजय मेहरोत्रा, डॉ. आकाश शर्मा, डॉ. मनीष विश्नोई, डॉ. हेमंत मोहन, डॉ. ओम प्रकाश आनंद, डॉ. कामायनी शर्मा, दीपिका श्रीवास्तव, सीमा निगम, अखिल त्यागी, डॉ. आर.सी. शर्मा सहित चिकित्सा एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।


