
व्यापारियों को सपा से जोड़ने का आह्वान, प्रदीप जायसवाल बोले— 2027 में बदलाव का आधार बनेगा व्यापारी समाज
- नेहा जैन
मेरठ। समाजवादी व्यापार सभा के तत्वावधान में मेरठ के रंगमहल बैंक्वेट सभागार में मेरठ मंडल स्तरीय व्यापारी स्वाभिमान मंडलीय सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में मेरठ, गाजियाबाद, गौतमबुद्धनगर, हापुड़, बागपत और बुलंदशहर जनपदों के समाजवादी व्यापार सभा के पदाधिकारियों, व्यापारियों एवं वैश्य समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
सम्मेलन की अध्यक्षता समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी ने की। मुख्य अतिथि समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप जायसवाल रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में समाजवादी पार्टी की राष्ट्रीय सचिव अपर्णा जैन, प्रदेश सचिव एवं पीडीए पंचांग कैलेंडर के जनक डॉ. अजय चौरसिया उपस्थित रहे। अतिथि के रूप में प्रदेश मुख्य महासचिव यासिर सिद्दीकी तथा प्रदेश कोषाध्यक्ष अंशुल गुप्ता मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन दीक्षा कौशिक ने किया।
सम्मेलन की शुरुआत कवि सम्मेलन से हुई, जिसमें डॉ. आदित्य जैन, दमदार बनारसी, विनोद पाल और नीर गोरखपुरी ने अपनी प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मनोरंजन किया। इसके बाद महात्मा गांधी, भामाशाह, महाराजा अग्रसेन और डॉ. भीमराव आंबेडकर के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई तथा महिलाओं ने नमोकार मंत्र और गायत्री मंत्र का उच्चारण किया।
कार्यक्रम के संयोजक समाजवादी व्यापार सभा के प्रदेश सचिव अक्षय जैन अरिहंत तथा आयोजक प्रदेश सचिव सौरव अग्रवाल रहे। मेरठ जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह आहूजा और महानगर अध्यक्ष निपुण अग्रवाल सहित आयोजन समिति के सदस्यों ने अतिथियों का माल्यार्पण, पगड़ी, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया।

मुख्य अतिथि प्रदीप जायसवाल ने कहा कि समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर व्यापारियों एवं वैश्य समाज को पार्टी से जोड़ने के लिए प्रदेशभर में संगठनात्मक अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी व्यापार सभा विधानसभा, तहसील, ब्लॉक और प्रमुख बाजारों तक संगठन को मजबूत करते हुए व्यापारियों की समस्याओं को उठाने का कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि व्यापारी स्वाभिमान मंडलीय सम्मेलनों की शुरुआत क्रांति की धरती मेरठ से की गई है।
प्रदेश मुख्य महासचिव यासिर सिद्दीकी ने भाजपा सरकार पर व्यापारियों की उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश का व्यापारी वर्ग आर्थिक कठिनाइयों का सामना कर रहा है और वर्ष 2027 में बदलाव का संकल्प ले चुका है।
इस अवसर पर प्रदीप जायसवाल ने हापुड़ के व्यापारी नेता संजय अग्रवाल को समाजवादी व्यापार सभा का प्रदेश सचिव मनोनीत कर नियुक्ति पत्र प्रदान किया। साथ ही मेरठ के पहलवान उमेश शर्मा को साउथ एशिया कॉम्बेट चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीतने पर सम्मानित किया गया।
सम्मेलन में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव प्रो. भुवन भास्कर जोशी, राष्ट्रीय प्रवक्ता नितेंद्र यादव, प्रदेश सचिव डॉ. अजय चौरसिया, एडवोकेट गौरव सिंघल, डॉ. आश्रय गुप्ता, आदिल चौधरी, अंशुल गुप्ता, नवीन गुप्ता, नीलम ध्यानी, किशोर सिंह, नरेश बत्रा, मुशीर अहमद, अभिषेक गुप्ता, मुशीर खान, संजय यादव, अनिल चौधरी, रजत पोरवाल, विपिन सैन, बाबू लाल बंसल, राजेश जैन, विभोर गुप्ता, हरीश अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, व्यापारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


