मेरठ सेंट्रल मार्केट मुद्दे पर व्यापारियों ने अखिलेश यादव को सौंपा ज्ञापन

- अखिलेश कुमार अग्रहरि/ अभिषेक यादव
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से समाजवादी पार्टी कार्यालय में मेरठ के व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात कर सेंट्रल मार्केट प्रकरण को लेकर ज्ञापन सौंपा। यह प्रतिनिधिमंडल विधायक अतुल प्रधान के नेतृत्व में उनसे मिलने पहुंचा।
व्यापारियों ने अखिलेश यादव से पुलिस की कथित बर्बर कार्रवाई और लाखों लोगों की रोजी-रोटी से जुड़े इस मुद्दे को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि मेरठ के शास्त्री नगर स्थित सेंट्रल मार्केट प्रकरण में हजारों व्यापारी, मजदूर और उनसे जुड़े परिवार कई दिनों से अपनी आजीविका और वर्षों की मेहनत से खड़े किए गए कारोबार को बचाने के लिए शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे हैं।
ज्ञापन में कहा गया कि यह मामला केवल दुकानों तक सीमित नहीं है, बल्कि हजारों परिवारों के भविष्य और लाखों लोगों की आजीविका से जुड़ा बेहद संवेदनशील विषय है। व्यापारियों का आरोप है कि इस दौरान प्रशासन और पुलिस का रवैया टकरावपूर्ण रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि देर रात करीब दो बजे लगभग ढाई सौ पुलिसकर्मी धरना स्थल पर पहुंचे, जबकि उस समय वहां करीब 20 लोग ही मौजूद थे। इसके बावजूद टेंट उखाड़ने, धरना समाप्त कराने और लोगों को डराने-धमकाने जैसी कार्रवाई की गई। साथ ही समाजवादी पार्टी के झंडे लगाने पर कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर आंदोलन दबाने का प्रयास किया गया।
इस पर अखिलेश यादव ने प्रतिनिधिमंडल को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर इस मामले का समाधान निकालकर व्यापारियों की मदद की जाएगी, जिससे उनके दुकान और कारोबार सुरक्षित रह सकें तथा किसी का स्थान उजड़ने न पाए।
अखिलेश यादव ने सरकार से मांग की कि व्यापारियों के खिलाफ कोई कठोर कानूनी कार्रवाई न की जाए और पुलिस की कथित प्रताड़ना रोकी जाए। उन्होंने कहा कि सरकार संवेदनशीलता दिखाते हुए प्रभावित परिवारों की मदद कर सकती है और मास्टर प्लान में बदलाव कर समाधान का रास्ता निकाल सकती है, क्योंकि सेंट्रल मार्केट में व्यापारी वर्षों से अपना कारोबार कर रहे हैं।



