IIT कानपुर में अंतराग्नि 2025 का समापन, सुनिधि चौहान के गीतों पर थिरके छात्र

- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। आईआईटी कानपुर के वार्षिक सांस्कृतिक उत्सव ‘अंतराग्नि 2025’ का समापन रविवार की रात बॉलीवुड सिंगर सुनिधि चौहान के धमाकेदार परफॉर्मेंस के साथ हुआ। चार दिवसीय इस भव्य कार्यक्रम के अंतिम दिन छात्रों ने संगीत, नृत्य और रंगों की एक अनोखी यात्रा का आनंद लिया।
सुनिधि चौहान ने मचाया धमाल
समापन समारोह की शाम बॉलीवुड नाइट के नाम रही। सुनिधि चौहान के मंच पर आते ही छात्रों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला।
उनके हिट गानों — ‘क्रेजी किया रे’, ‘शीला की जवानी’, ‘धूम मचाले’ और ‘देसी गर्ल’ पर पूरा ऑडिटोरियम झूम उठा। छात्रों ने मोबाइल फ्लैश लाइट्स के साथ माहौल को रोशनी और उत्साह से भर दिया।
चार दिनों तक चला रचनात्मक महोत्सव
‘अंतराग्नि 2025’ के चार दिन रचनात्मकता, जोश और प्रतियोगिताओं से सराबोर रहे। दिन की शुरुआत नुक्कड़ नाटक फाइनल्स से हुई, जहां प्रतिभागियों ने सामाजिक मुद्दों पर सशक्त संदेश दिए।
इसके बाद अंतराग्नि आइडल और बैटल ऑफ आर्ट में युवा कलाकारों ने अपनी गायकी और चित्रकला से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
ज्ञान और कला का संगम
‘मेला क्विज’, ‘दृष्टिकोण’ और संसदीय वाद-विवाद में प्रतिभागियों ने ज्ञान, तर्क और रचनात्मक सोच की मिसाल पेश की। वहीं जिटरबग में डांस प्रस्तुतियों ने दर्शकों को थिरकने पर मजबूर कर दिया।
रंगों में भीगी खुशियां
दिन भर चले कलर रन कार्यक्रम में प्रतिभागियों ने रंगों की बौछार में उत्सव की भावना को खुलकर जिया। चार दिनों तक चले इस सांस्कृतिक उत्सव ने आईआईटी कैंपस को रचनात्मकता, संगीत और उत्साह से सराबोर कर दिया।



