HomeNEWSयूपी पीसीएस अभ्यर्थियों ने अखिलेश यादव से की मुलाकात, परीक्षा प्रणाली में...

यूपी पीसीएस अभ्यर्थियों ने अखिलेश यादव से की मुलाकात, परीक्षा प्रणाली में सुधार की उठाई मांग

परीक्षा कैलेंडर, मूल्यांकन प्रक्रिया और पारदर्शिता को लेकर सौंपा ज्ञापन; समाधान का मिला आश्वासन

  • अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से आज उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के अभ्यर्थियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की और परीक्षा प्रणाली में सुधार तथा विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर ज्ञापन सौंपा।

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग के अभ्यर्थियों ने अपनी प्रमुख समस्याएं रखते हुए कहा कि परीक्षा कैलेंडर और परिणामों में लगातार विलंब हो रहा है। साथ ही प्रारंभिक परीक्षाओं के प्रश्न पत्रों में 10 से 12 प्रश्नों तक की त्रुटियां देखने को मिलती हैं तथा मुख्य परीक्षा की मूल्यांकन प्रक्रिया में पारदर्शिता का अभाव है। लोअर पीसीएस सहित अन्य परीक्षाओं के परिणाम भी समय पर जारी नहीं किए जा रहे हैं।

अभ्यर्थियों ने मांग की कि “एक वर्ष एक परीक्षा” की समयबद्ध व्यवस्था लागू की जाए, प्रश्नपत्र निर्माण प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी बनाया जाए तथा प्रारंभिक परीक्षा की उत्तर कुंजी और फाइनल आंसर की अनिवार्य रूप से जारी की जाए। इसके साथ ही मुख्य परीक्षा के मॉडल उत्तर और अभ्यर्थियों की कॉपियां स्टूडेंट पोर्टल पर उपलब्ध कराई जाएं तथा परिणाम के एक माह के भीतर अंक विवरण जारी किया जाए।

प्रतिनिधिमंडल ने यह भी मांग रखी कि प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा की तैयारी हेतु एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाए। साथ ही बेरोजगारी भत्ता की तर्ज पर तीन वर्षों तक 5 हजार रुपये मासिक प्रोत्साहन भत्ता देने की भी बात कही गई। इसके अलावा साक्षात्कार दे चुके अभ्यर्थियों को उनकी योग्यता के आधार पर सरकारी एवं अन्य संस्थानों में प्राथमिकता देने तथा इच्छुक अभ्यर्थियों को ब्याज रहित ऋण देकर स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने की मांग भी की गई।

इस अवसर पर मुकेश यादव, नीतीश कुमार सिंह, पीयूष वर्मा, दुर्गेश यादव, अखिलेश, माधव सिंह, राघवेन्द्र सिंह, विशाल सिंह, विकास यादव, वीरेंद्र सिंह सहित कई अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

अखिलेश यादव ने अभ्यर्थियों की समस्याओं का समर्थन करते हुए आश्वासन दिया कि वर्ष 2027 में समाजवादी सरकार बनने पर इन समस्याओं के समाधान को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments