पार्कों, विद्यालयों और संस्थानों में हजारों लोगों ने किया योगाभ्यास, ‘करें योग-रहें निरोग’ का दिया संदेश
- हरिओम गुप्ता
कानपुर। 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को कानपुर नगर पूरी तरह योगमय नजर आया। शहर के पार्कों, विद्यालयों, संस्थानों, कॉलोनियों एवं सार्वजनिक स्थलों पर आयोजित योग शिविरों में हजारों लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। बच्चों, युवाओं, महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों की बड़ी भागीदारी ने योग दिवस को जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान कर दिया।
सुबह से ही शहर के विभिन्न क्षेत्रों में योग शिविरों का आयोजन शुरू हो गया। सामूहिक योगाभ्यास के दौरान लोगों ने योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया। पूरे शहर में स्वास्थ्य, सकारात्मकता और जागरूकता का संदेश गूंजता रहा।
गोविंद नगर स्थित अमर शहीद कर्नल सिद्धार्थ तिवारी पार्क में पतंजलि योग समिति कानपुर दक्षिण के तत्वावधान में भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में योग साधकों एवं नागरिकों ने सहभागिता की।
इस अवसर पर योगाचार्या डॉ. संतोष अरोड़ा ने कहा कि योग भारत की प्राचीन ऋषि परंपरा की अमूल्य धरोहर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं योग गुरु बाबा रामदेव के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के करोड़ों लोग इसे अपने जीवन का हिस्सा बना चुके हैं।
उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक स्वास्थ्य तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मबल, सकारात्मक सोच और आध्यात्मिक उन्नति का भी माध्यम है। वर्तमान समय में बढ़ते तनाव, अवसाद और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों से बचाव के लिए नियमित योगाभ्यास अत्यंत आवश्यक है।
योग शिविर में ओम् उच्चारण, त्राटक क्रिया, सूर्य नमस्कार, सिद्धासन, सिंहासन, ताड़ासन, भ्रामरी प्राणायाम, अनुलोम-विलोम, कपालभाति, भुजंगासन एवं शवासन सहित विभिन्न योग क्रियाओं का अभ्यास कराया गया। योग प्रशिक्षकों ने इन आसनों एवं प्राणायामों के स्वास्थ्य लाभों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम का संचालन योग शिक्षिका चन्द्रकान्ता गेरा ने किया। इस अवसर पर प्रकाश वीर आर्य, पार्षद सरोज चड्ढा, रंजना सचान, रेखा सेन, मंडल अध्यक्ष दीपू पासवान, नीरज चड्ढा, निधि गेरा, हरीश अरोड़ा, सुरेन्द्र गेरा, वीरेन्द्र मल्होत्रा, वंश आर्य, मुरलीधर आहुजा एवं दीपक सखूजा सहित बड़ी संख्या में योग प्रेमी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने योग को नियमित जीवनशैली का हिस्सा बनाकर स्वस्थ, निरोग एवं सकारात्मक समाज के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।


