जवाहरलाल इंटर कॉलेज में सुरक्षा, यातायात एवं परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा, पारदर्शी एवं निष्पक्ष परीक्षा संपन्न कराने के दिए निर्देश
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। नीट परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष संचालन को लेकर पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने थाना कल्याणपुर क्षेत्र स्थित जवाहरलाल इंटर कॉलेज, कल्याणपुर में स्थापित परीक्षा केंद्र का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र की सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्थाओं का विस्तृत जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान पुलिस उपायुक्त पश्चिम ने परीक्षा केंद्र के सीसीटीवी कंट्रोल रूम का निरीक्षण करते हुए परीक्षा कक्षों, प्रवेश द्वारों एवं संपूर्ण परिसर में लगाए गए सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जा रही निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परीक्षा की शुचिता एवं पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक गतिविधि पर सतत एवं प्रभावी निगरानी रखी जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि अथवा अनियमितता की जानकारी तत्काल उच्चाधिकारियों को उपलब्ध कराई जाए, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
इस दौरान परीक्षा केंद्र पर अभ्यर्थियों की प्रवेश व्यवस्था, सुरक्षा जांच, ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल, यातायात प्रबंधन एवं बाहरी सुरक्षा व्यवस्था का भी निरीक्षण किया गया। अधिकारियों को परीक्षा के दौरान कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
जिलाधिकारी ने भी बताया कि जनपद के सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल एवं अधिकारियों की तैनाती की गई है। परीक्षा को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन एवं पुलिस विभाग पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखते हुए अभ्यर्थियों को शांतिपूर्ण वातावरण में परीक्षा देने की सुविधा उपलब्ध कराने पर जोर दिया।


