देशभर के कृषि वैज्ञानिक करेंगे शोध कार्यों का प्रस्तुतीकरण, दलहन उत्पादन बढ़ाने पर होगा मंथन
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर एवं भारतीय दलहन अनुसंधान संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में अखिल भारतीय रबी दलहनी फसलों की 31वीं वार्षिक समूह बैठक का आयोजन किया जाएगा। विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि बैठक में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR), नई दिल्ली के महानिदेशक डॉ. एम.एल. जाट मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में आईसीएआर के उपमहानिदेशक फसल विज्ञान डॉ. डी.के. यादव, उपमहानिदेशक तिलहन एवं दलहन डॉ. एस.के. झा तथा सहायक महानिदेशक बीज डॉ. एस.के. चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
देशभर के कृषि वैज्ञानिक करेंगे शोध कार्यों का प्रस्तुतीकरण
कुलपति डॉ. संजीव गुप्ता ने बताया कि विश्वविद्यालय में देशभर से दलहनी फसलों के क्षेत्र में कार्य कर रहे ख्यातिप्राप्त कृषि वैज्ञानिक प्रतिभाग करेंगे और अपने नवीनतम शोध कार्यों एवं अनुसंधान का प्रस्तुतीकरण करेंगे।
बैठक में रबी दलहनी फसलों की उत्पादन एवं उत्पादकता बढ़ाने, नई तकनीकों के उपयोग तथा कृषि क्षेत्र में नवाचार जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जाएगी।
उन्होंने कहा कि इस वार्षिक बैठक में होने वाले वैज्ञानिक विमर्श एवं शोध प्रस्तुतियां किसानों के लिए बेहतर तकनीक विकसित करने और दलहनी फसलों के उत्पादन को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।


