NEWSUttar Pradesh

रमजान व होली को लेकर एडीजी लखनऊ जोन की उन्नाव में समीक्षा बैठक, अधिकारियों को दिए कड़े निर्देश

  • विशाल कुमार

उन्नाव। रमजान माह और आगामी होली पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से 26 फरवरी 2026 को रिजर्व पुलिस लाइन उन्नाव स्थित सभागार में अपर पुलिस महानिदेशक, लखनऊ जोन, प्रवीण कुमार की अध्यक्षता में विस्तृत समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई।

बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक उन्नाव जय प्रकाश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी अखिलेश सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी प्रेमचंद, समस्त क्षेत्राधिकारीगण तथा वर्चुअल माध्यम से जुड़े जनपद के सभी थाना प्रभारी उपस्थित रहे। इस दौरान एडीजी ने जनपद की कानून-व्यवस्था की गहन समीक्षा करते हुए त्योहारों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने निर्देशित किया कि सभी थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में चिन्हित होलिका दहन स्थलों का भौतिक निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करें और संभावित विवादित स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। मिश्रित आबादी व संवेदनशील क्षेत्रों में व्यापक पुलिस गश्त कराने, स्थानीय संभ्रांत व्यक्तियों, धर्मगुरुओं और शांति समिति के सदस्यों के साथ बैठक कर समन्वय बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया।

एडीजी ने त्योहारों के दौरान बाजारों और प्रमुख मार्गों पर सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रभावी ट्रैफिक प्लान लागू करने के निर्देश दिए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। साथ ही प्राप्त जन शिकायतों का त्वरित और गुणवत्तापरक निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे स्थापित कर उनकी सतत मॉनिटरिंग, कंट्रोल रूम को सक्रिय रखने तथा अतिसंवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से निगरानी के निर्देश भी दिए। सोशल मीडिया की प्रभावी निगरानी कर अफवाह फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध तत्काल विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया गया।

अंत में एडीजी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय, सजगता और संवेदनशीलता के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Related Articles

Back to top button