
भारतीय संस्कृति, श्रीकृष्ण जीवन और सनातन परंपराओं पर आधारित फिल्म को मिली सराहना, कलाकारों का किया गया सम्मान
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज लोक भवन सभागार में भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य माहात्म्य पर आधारित फिल्म ‘कृष्णावतारम् (भाग-1: हृदयम)’ की विशेष स्क्रीनिंग का अवलोकन किया।
फिल्म ‘कृष्णावतारम् पार्ट-1: द हार्ट (हृदयम)’ में भगवान श्रीकृष्ण के जीवन को संवेदनशील एवं मानवीय दृष्टिकोण के साथ प्रस्तुत किया गया है। इसमें द्वापर युग की सांस्कृतिक विरासत, भारतीय सभ्यता एवं सनातन परंपराओं के विविध पहलुओं को भव्य एवं प्रभावशाली रूप में दर्शाया गया है। फिल्म में श्रीकृष्ण, श्री राधा, श्री रुक्मिणी एवं श्री सत्यभामा के बीच संबंधों और भावनात्मक पक्षों को भी प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है।
इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने सभी को अंतरराष्ट्रीय मातृ दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बेटियां हैं तो घर में खुशहाली है। उन्होंने फिल्म के कलाकारों एवं तकनीकी टीम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार की फिल्में नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति से जोड़ने का कार्य करती हैं।
राज्यपाल ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा फिल्म को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री किए जाने के निर्णय के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बच्चों एवं युवाओं को भारतीय संस्कृति, महापुरुषों एवं पौराणिक चरित्रों की जानकारी देना अत्यंत आवश्यक है, जिससे उनमें संस्कार और नैतिक मूल्यों का विकास हो सके।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह फिल्म भारत की शाश्वत परंपरा, इतिहास और संस्कृति को प्रभावी रूप से प्रस्तुत करती है। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण के जीवन से जुड़े प्रसंगों को फिल्म में अत्यंत सुंदर ढंग से दिखाया गया है, जो समाज को नई दिशा देते हैं।
मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि फिल्म को उत्तर प्रदेश में टैक्स फ्री किया गया है और सूचना विभाग को निर्देश दिए कि इसका प्रदर्शन सभी जनपदों में कराया जाए, ताकि अधिक से अधिक युवा अपनी सांस्कृतिक विरासत से परिचित हो सकें।
इस अवसर पर राज्यपाल ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश की विविधता और संसाधनों का सही उपयोग आवश्यक है तथा महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के प्रयासों को और गति दी जानी चाहिए।
फिल्म की मुख्य अभिनेत्री संस्कृति जैन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इतने व्यस्त कार्यक्रमों के बावजूद उन्होंने फिल्म को समय दिया, इसके लिए वह कृतज्ञ हैं। उन्होंने राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के मार्गदर्शन के लिए भी धन्यवाद दिया।
कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल और मुख्यमंत्री ने फिल्म से जुड़े कलाकारों एवं तकनीकी दल को सम्मानित किया और उनके प्रयासों की सराहना करते हुए शुभकामनाएं दीं।


