
पुलिस मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों ने किया अभिनंदन, अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस, महिला सुरक्षा और जनविश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की जताई प्रतिबद्धता
- सौरभ शुक्ला
लखनऊ। उत्तर प्रदेश पुलिस को नया नेतृत्व मिल गया है। वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी राजीव कृष्ण ने सोमवार को लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में उत्तर प्रदेश पुलिस के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) पद का कार्यभार ग्रहण किया। इस अवसर पर उन्हें सुसज्जित गार्ड द्वारा गरिमापूर्ण गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया।
कार्यभार ग्रहण समारोह के दौरान उत्तर प्रदेश पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने राजीव कृष्ण का स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। पुलिस मुख्यालय में उनके आगमन पर अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) अमिताभ यश ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया।

कार्यभार संभालने के बाद राजीव कृष्ण ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अपराध के प्रति ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा। उन्होंने सुदृढ़ कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, जनसुरक्षा तथा जनता के विश्वास को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।

उन्होंने सुरक्षित, भयमुक्त और अपराधमुक्त उत्तर प्रदेश के निर्माण के लिए अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि पुलिस व्यवस्था को और अधिक जवाबदेह, संवेदनशील तथा प्रभावी बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
इस अवसर पर पुलिस महानिदेशक ने उपस्थित वरिष्ठ अधिकारियों से आत्मीयतापूर्वक मुलाकात की और उनका अभिवादन स्वीकार किया। कार्यक्रम में पुलिस विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
उत्तर प्रदेश पुलिस के नए मुखिया के रूप में राजीव कृष्ण के कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही पुलिस महकमे में नई ऊर्जा और बेहतर कानून-व्यवस्था को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं।


