HomeNEWSराज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने “कैंसर फ्री वूमेन भारत यात्रा” को दिखाई हरी...

राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने “कैंसर फ्री वूमेन भारत यात्रा” को दिखाई हरी झंडी

मदर्स डे पर जन भवन से स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन के जागरूकता अभियान का हुआ शुभारंभ

  • सौरभ शुक्ला

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल ने मदर्स डे के अवसर पर जन भवन से स्त्री वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित “कैंसर फ्री वूमेन भारत यात्रा – आनंदी मां एक जीवन बचाओ अभियान” का हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया।

यह जागरूकता रैली जन भवन पोर्टिको से शुरू होकर महात्मा गांधी मार्ग, अटल चौक, पार्क रोड, डॉ. भीमराव अम्बेडकर मार्ग, सिविल चौराहा एवं भानुमति रोड से होते हुए सरोजिनी नायडू मार्ग चौराहे पर सम्पन्न हुई।

रैली के माध्यम से महिलाओं के स्वास्थ्य, कैंसर जागरूकता एवं स्वस्थ भारत के संकल्प को लेकर समाज में व्यापक संदेश दिया गया। प्रतिभागियों ने “स्वस्थ मां – सुरक्षित भविष्य” का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

इस अवसर पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने अभियान की सराहना करते हुए संस्था के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और समाजहित में किए जा रहे कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य केवल परिवार ही नहीं बल्कि पूरे समाज की मजबूती का आधार है। समय पर जांच और जागरूकता से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से बचाव संभव है।

रैली में 130 से अधिक लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जिसमें महिलाएं, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल रहे। सभी ने कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने और समाज को स्वस्थ बनाने का संकल्प लिया।

राज्यपाल ने संस्था को भविष्य में और व्यापक स्तर पर कार्य करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि ऐसे अभियान समाज में नई चेतना और सकारात्मक परिवर्तन लाते हैं।

कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी लोगों ने यह संकल्प लिया—
“हर मां सुरक्षित हो, हर बहन जागरूक हो, हर बेटी स्वस्थ और सशक्त हो।”

यह अभियान केवल एक रैली नहीं, बल्कि समाज में स्वास्थ्य जागरूकता और मानवीय संवेदनाओं को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments