HomeBundelkhandरानीपुर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, बोर्ड बैठक में जनहित के...

रानीपुर के विकास को मिलेगी नई रफ्तार, बोर्ड बैठक में जनहित के कई अहम प्रस्तावों को मंजूरी

विधायक डॉ. रश्मि आर्य की मौजूदगी में बजट, पेयजल, जलनिकासी, गौशाला निर्माण, श्मशान घाट सुंदरीकरण और विकास योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा

  • रवि कुमार गुप्ता

रानीपुर (झांसी)। नगर पंचायत रानीपुर के समग्र विकास को नई गति देने के उद्देश्य से नगर पंचायत बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक क्षेत्रीय विधायक डॉ. रश्मि आर्य के मुख्य आतिथ्य एवं नगर पंचायत अध्यक्ष मीना अयोध्या प्रसाद खरका की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में नगर के विकास, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा जनहित से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर विस्तृत चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक के दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित बजट तथा वित्तीय वर्ष 2025-26 के आय-व्यय का विवरण बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया गया। सदस्यों ने बजट पर विस्तार से चर्चा करते हुए विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाने पर सहमति व्यक्त की।

नगर में पेयजल व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न वार्डों में पानी की टंकियां एवं वॉटर कूलर स्थापित करने के प्रस्ताव पर विचार-विमर्श किया गया। साथ ही बरसात के मौसम में संक्रामक रोगों की रोकथाम के लिए ब्लीचिंग पाउडर, चूना, फॉगिंग तथा अन्य आवश्यक कीटनाशक दवाओं की खरीद पर भी चर्चा हुई।

बैठक में विभिन्न वार्डों में जलभराव एवं जलनिकासी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए शासन से अनुदान प्राप्त करने की कार्ययोजना पर भी मंथन किया गया। इसके अलावा कान्हा गौशाला निर्माण, साधुराम श्मशान घाट के सुंदरीकरण, पंडित दीनदयाल उपाध्याय आदर्श नगर पंचायत योजना के अंतर्गत नई विकास योजनाओं को स्वीकृति दिलाने, नगर की सफाई व्यवस्था, पेयजल आपूर्ति, कर्मचारियों के भुगतान तथा योजना के तहत निर्मित सब्जी मंडी मल्टी कॉम्प्लेक्स की सार्वजनिक नीलामी सहित कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से विचार किया गया।

इस अवसर पर विधायक डॉ. रश्मि आर्य ने कहा कि नगर के विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास योजनाओं को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए, ताकि नगरवासियों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष मीना अयोध्या प्रसाद खरका ने सभी पार्षदों एवं सदस्यों से नगर हित में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सुझावों के आधार पर विकास योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जाएगा।

बैठक में अधिशासी अधिकारी यदुवीर सिंह यादव, प्रधान लिपिक सुनील शर्मा, तेजराम कुशवाहा सहित नगर पंचायत के समस्त पार्षद, मनोनीत सदस्य एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इनमें रामसिया राय, मणीन्द्र राय, रामकुमार बमोरिया, नितिन कुशवाहा, धर्मेंद्र नकड़ा, दीपक अहिरवार, भगवती रतमेले, रंजना अहिरवार, सुनील राय, तेज सिंह सेन, रानू इटैलिया, मनोज मऊटा, वीणा सिरधर, कमलेश दीप राय, हिमांशु राय, सुरेश कुशवाहा एवं लालबहादुर नकड़ा सहित अन्य सदस्य शामिल रहे।

बैठक के अंत में सभी जनप्रतिनिधियों ने नगर पंचायत रानीपुर के समग्र विकास, नागरिक सुविधाओं के विस्तार और जनहित के कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments