
एक माह तक चले शिविर में बच्चों ने सीखे खेल, योग, कला और व्यक्तित्व विकास के गुर
- मनीषा जैन
ग्वालियर। रामकृष्ण मिशन आश्रम एवं गोल्डन इवेंट के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित समर फेस्टिवल-2026 का भव्य समापन विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर गोविंदपुरी स्थित रामकृष्ण मिशन आश्रम में संपन्न हुआ। एक मई से पांच जून तक चले इस विशेष शिविर में बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
शिविर के दौरान बच्चों को योग, डांस, क्रिकेट, स्केटिंग, बैडमिंटन, बास्केटबॉल, शतरंज, मार्शल आर्ट्स, ड्रॉइंग तथा आर्ट एंड क्राफ्ट का प्रशिक्षण प्रदान किया गया। आयोजकों के अनुसार शिविर का उद्देश्य बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना तथा स्वस्थ जीवनशैली का विकास करना था।
विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित मिनी मैराथन में बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसके बाद आयोजित समापन समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र, मेडल और पुरस्कार प्रदान किए गए। डांस प्रतियोगिता में गुंजन सोनी एवं मेघा सोनी ने निर्णायक की भूमिका निभाई।

समारोह में मुख्य अतिथि अशोक सिंह जादौन तथा विशिष्ट अतिथियों के रूप में आईएएस टी. प्रतीक राव, दीपक सिंह भदौरिया, पूज्य स्वामी कृष्णामृतानंद, ए.के. दीक्षित, त्रिवेणी राजावत, हरिओम गौतम, कौशलेंद्र कौरव एवं रोहित सोनी उपस्थित रहे।
अतिथियों ने बच्चों को समर कैंप से प्राप्त सीख को अपने जीवन में अपनाने, खेलों एवं रचनात्मक गतिविधियों से जुड़े रहने तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास और व्यक्तित्व निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का संचालन धर्मेंद्र ख्याति सेंगर ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन शिखा सोनी द्वारा किया गया। समर फेस्टिवल के सफल आयोजन में आशीष चौहान, अंकित दुबे सहित प्रशिक्षकों एवं मैनेजमेंट टीम के सदस्यों का विशेष योगदान रहा।


