
सुगम यातायात योजना के तहत लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति किया गया जागरूक, यातायात अनुशासन बनाए रखने की अपील
- ऋषभ कुमार
कानपुर नगर। सुगम यातायात योजना (RTC) के अंतर्गत दिनांक 14 मई 2026 को रामादेवी चौराहा (एनएच-19) पर पुलिस उपायुक्त यातायात श्री रवीन्द्र कुमार के निर्देशन में विशेष ट्रैफिक जागरूकता अभियान चलाया गया।
अभियान के दौरान गलत दिशा में वाहन चलाने वालों, बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों, बिना सीट बेल्ट यात्रा करने वालों तथा ऑटो चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया गया। यातायात पुलिस द्वारा लोगों को सुरक्षित एवं जिम्मेदार तरीके से वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया गया।
इस दौरान आमजन से अपील की गई कि नो पार्किंग जोन में वाहन खड़ा न करें, नशे की अवस्था में वाहन न चलाएं, निर्धारित गति सीमा का पालन करें तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग करने से बचें। साथ ही एम्बुलेंस एवं अन्य आपातकालीन सेवाओं को तत्काल मार्ग देने और सड़क पर अनुशासन एवं सावधानी बनाए रखने का अनुरोध किया गया।
यातायात पुलिस ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना तथा शहर में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करना है।


