राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह पर कानपुर पुलिस का अभियान

- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। राष्ट्रीय साइबर सुरक्षा जागरूकता माह 2025 के अंतर्गत 2 अक्टूबर को पुलिस आयुक्त के निर्देशन और पुलिस उपायुक्त अपराध के पर्यवेक्षण में कानपुर नगर साइबर सेल टीम ने व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया। यह अभियान थाना काकादेव क्षेत्र के शास्त्री नगर सेंट्रल पार्क और थाना नजीराबाद क्षेत्र के लाजपत नगर रामलीला पार्क में आयोजित किया गया।
पब्लिक एड्रेस (PA) सिस्टम के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधियों की नई ठगी विधियों जैसे “डिजिटल अरेस्ट”, “ऑनलाइन ट्रेडिंग स्कैम” और “टास्क बेस्ड फ्रॉड” के बारे में जागरूक किया गया।
अभियान में आमजन को सचेत करते हुए कहा गया कि किसी भी संदिग्ध कॉल, लिंक या मोबाइल एप्लिकेशन पर बिना सोचे-समझे भरोसा न करें। संदेश दिया गया कि – “सजग नागरिक ही सुरक्षित नागरिक है।”
साथ ही यह भी अपील की गई कि यदि कोई साइबर ठगी का शिकार हो जाता है, तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर या www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज करें।



