
डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती पर लालबाग गर्ल्स इंटर कॉलेज में हुआ आयोजन, राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों के योगदान को किया गया नमन
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। भारत के द्वितीय राष्ट्रपति एवं भारत रत्न डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन की जयंती एवं शिक्षक दिवस के अवसर पर राजधानी लखनऊ स्थित लालबाग गर्ल्स इंटर कॉलेज में भव्य शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की आयोजक एवं समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रिंकी सिंह रहीं। समारोह में राष्ट्र निर्माण में शिक्षकों के अमूल्य योगदान को नमन करते हुए सेवारत एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष एवं मुख्य अतिथि सोहन लाल ने शिक्षकों की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि गुरु केवल शिक्षा प्रदान नहीं करते, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षक देश की भावी पीढ़ी को दिशा देने और उनके व्यक्तित्व निर्माण में अहम योगदान देते हैं।
रिंकी सिंह ने शिक्षक दिवस के अवसर पर शिक्षकों को सम्मानित करते हुए कहा कि शिक्षक समाज के निर्माण की मजबूत नींव होते हैं। उनके ज्ञान, संस्कार और मार्गदर्शन से ही आने वाली पीढ़ी अपने भविष्य का निर्माण करती है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का सम्मान वास्तव में शिक्षा और ज्ञान के प्रति सम्मान है।

समारोह में समाजवादी महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव रेनू यादव, राष्ट्रीय सचिव सादिया खान तथा एडवोकेट अब्दुल अजीम सहित लखनऊ के विभिन्न शिक्षण संस्थानों के प्राचार्य एवं शिक्षक मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान को याद किया गया। उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि उनके विचार आज भी शिक्षकों और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
समारोह में सेवारत एवं सेवानिवृत्त शिक्षकों को सम्मानित कर उनके योगदान के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की गई। कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों ने भी शिक्षा के महत्व और समाज में शिक्षक की भूमिका को लेकर अपने विचार साझा किए।
शिक्षक सम्मान समारोह के माध्यम से रिंकी सिंह एवं आयोजक टीम ने शिक्षकों के प्रति सम्मान व्यक्त करते हुए समाज और राष्ट्र निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।


