रेलवे सुरक्षा बल के आयुक्त ने डॉ. मनोज तिवारी को किया सम्मानित

- रोशनी सिंह
वाराणसी। गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित भव्य समारोह में रेलवे सुरक्षा बल के जवानों एवं अधिकारियों के तनाव प्रबंधन और मानसिक स्वास्थ्य सशक्तिकरण में किए गए उल्लेखनीय योगदान के लिए एआरटीसी, एसएस हॉस्पिटल, आईएमएस, बीएचयू के वरिष्ठ परामर्शदाता एवं प्रसिद्ध मनोचिकित्सक डॉ. मनोज कुमार तिवारी को सम्मानित किया गया।
वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, वाराणसी मंडल (पूर्वोत्तर रेलवे) एस. रामकृष्णन ने डॉ. तिवारी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर रेलवे सुरक्षा बल के सहायक आयुक्त एन.एम. यादव, मंडलीय निरीक्षक धनंजय कुमार, निरीक्षक भुनेश्वरी, मनीष कुमार पांडेय, योग प्रशिक्षक स्वामी विवेकानंद राजकीय चिकित्सालय, वाराणसी सहित बड़ी संख्या में आरपीएफ के अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
गौरतलब है कि डॉ. मनोज तिवारी विगत कई वर्षों से रेलवे सुरक्षा बल (पूर्वोत्तर रेलवे—लखनऊ, वाराणसी, छपरा, इज्जतनगर मंडल), उत्तर रेलवे (लखनऊ मंडल), बीएलडब्ल्यू वाराणसी, उत्तर प्रदेश पुलिस, पीएसी, सीआरपीएफ, एनडीआरएफ सहित विभिन्न सुरक्षा बलों के जवानों एवं अधिकारियों के लिए निःशुल्क मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण एवं तनाव प्रबंधन शिविर आयोजित करते आ रहे हैं।

पूर्व में भी डॉ. तिवारी को रेलवे सुरक्षा बल के वरिष्ठ सुरक्षा आयुक्तों, पीएसी के सेनानायकों, पुलिस आयुक्तों एवं अधीक्षकों, कारागार अधीक्षकों, एनडीआरएफ व सीआरपीएफ के कमांडेंट्स, मंत्रियों तथा विभिन्न संस्थाओं द्वारा सम्मानित किया जा चुका है।
डॉ. मनोज तिवारी अब तक 12 पुस्तकों के लेखक हैं। उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर एक दर्जन से अधिक शोध पत्रों का प्रकाशन किया है तथा राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में मानसिक स्वास्थ्य एवं समसामयिक विषयों पर 85 से अधिक लेख लिखकर जन-जागरूकता का महत्वपूर्ण कार्य किया है।
इस अवसर पर पहल मनोचिकित्सा एवं परामर्श केंद्र के गौरव पांडेय, मंडलीय प्रबंधक मनीष सिंह, राजेश उपाध्याय, फार्मासिस्ट पवन कुशवाहा, डॉ. अमरजीत, शिप्रा चटर्जी, डॉ. विनीत गुप्ता, वंदना तिवारी सहित अनेक गणमान्य लोगों ने डॉ. तिवारी को शुभकामनाएं प्रेषित कीं।



