NEWSUttar Pradesh

लखनऊ में इंडिया वॉइस का भव्य कॉन्क्लेव संपन्न, ‘यूपी का बजट तरक्की का मास्टरप्लान’ पर मंथन

  • दीपांशु सावरन

लखनऊ। इंडिया वॉइस चैनल द्वारा आयोजित भव्य कॉन्क्लेव ‘यूपी का बजट तरक्की का मास्टरप्लान’ राजधानी लखनऊ स्थित होटल फॉर्च्यून में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में प्रदेश सरकार के वरिष्ठ मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और मीडिया जगत की प्रमुख हस्तियों की मौजूदगी ने आयोजन को खास बना दिया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक शामिल हुए। अपने संबोधन में उन्होंने इंडिया वॉइस को इस महत्वपूर्ण विषय पर सार्थक संवाद का मंच उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज विकास की नई इबारत लिख रहा है। साथ ही विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में शिक्षा व्यवस्था में अनियमितताएं और ठेके पर नकल जैसी घटनाएं सामने आती थीं, जबकि वर्तमान सरकार पारदर्शिता और सुशासन के लिए प्रतिबद्ध है।

आयुष मंत्री डॉ. दया शंकर मिश्र ‘दयालु’ ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब “बीमारी वाला राज्य” नहीं, बल्कि देश का ग्रोथ इंजन बन चुका है। उन्होंने मुख्यमंत्री के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि “योगी बाबा का बुलडोजर” माफिया और अराजक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का प्रतीक बन गया है।

कार्यक्रम में मंत्री सतीश चंद्र शर्मा, अनिल राजभर, सुनील कुमार शर्मा, दयाशंकर सिंह, विजय लक्ष्मी गौतम, डॉ. संजय कुमार निषाद, आशीष पटेल और दानिश आजाद अंसारी सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने बजट को प्रदेश की प्रगति का रोडमैप बताते हुए सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इस अवसर पर इंडिया वॉइस चैनल में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभिन्न जिलों के पत्रकारों को सम्मानित भी किया गया। कानपुर से कौस्तुभ शंकर मिश्रा, महाराजगंज से अनुराग जायसवाल, बांदा से संदीप कुमार और लखनऊ से राशिद आरिफ को उनके सराहनीय कार्य के लिए सम्मान प्रदान किया गया। यह सम्मान समारोह कार्यक्रम का विशेष आकर्षण रहा।

उल्लेखनीय है कि इतने भव्य आयोजन की तैयारियां मात्र पांच दिनों में पूरी की गईं। कार्यक्रम की सफलता के पीछे इंडिया वॉइस के स्टेट हेड रजनीश पाण्डेय की विशेष भूमिका और उनकी कड़ी मेहनत रही। कार्यक्रम में इंडिया वॉइस के चेयरमैन प्रेम सागर तिवारी, अमित पाण्डेय, अंकुर, सौरभ सिंह सहित कई वरिष्ठ पत्रकार और पदाधिकारी भी मौजूद रहे।

कुल मिलाकर, ‘यूपी का बजट तरक्की का मास्टरप्लान’ कॉन्क्लेव ने प्रदेश की विकास योजनाओं पर गंभीर चर्चा का मंच प्रदान करने के साथ-साथ मीडिया और सरकार के बीच सकारात्मक संवाद को भी मजबूती दी।

Related Articles

Back to top button