
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा से KGMU के विशेषज्ञों ने किया परीक्षण, अब तक 393 बच्चों को मिला लाभ
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। प्रदेश की माननीय राज्यपाल आनंदीबेन पटेल की प्रेरणा एवं मार्गदर्शन में किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (KGMU), लखनऊ के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा आदर्श माध्यमिक विद्यालय, जन भवन में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर का द्वितीय चरण 27 अप्रैल 2026 को आयोजित किया गया।
इस शिविर में कुल 114 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, जिनमें विद्यालय के विद्यार्थी, आंगनबाड़ी के बच्चे एवं अन्य बच्चे शामिल रहे। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने बच्चों की सामान्य स्वास्थ्य जांच के साथ आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श भी प्रदान किया।
उल्लेखनीय है कि 21 अप्रैल और 27 अप्रैल 2026 को आयोजित इन स्वास्थ्य शिविरों के माध्यम से अब तक कुल 393 बच्चों का परीक्षण किया जा चुका है। यह पहल बच्चों के समग्र स्वास्थ्य और उनके बेहतर भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

इस अवसर पर चिकित्सकों की टीम ने बच्चों को स्वच्छता, संतुलित आहार और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के प्रति जागरूक किया। साथ ही शिक्षकों को भी बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति लगातार सजग रहने के सुझाव दिए गए।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल का मानना है कि गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बच्चों का शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इसी दृष्टिकोण के अनुरूप उनके मार्गदर्शन में ऐसे शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, ताकि बच्चों को स्वस्थ, सशक्त और सम्मानजनक जीवन की दिशा में आगे बढ़ाया जा सके।


