HomeNEWSलखनऊ हत्याकांड को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज, ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव...

लखनऊ हत्याकांड को लेकर सियासी बयानबाज़ी तेज, ओमप्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव पर लगाए गंभीर आरोप

कारोबारी संदीप सिंह की हत्या मामले में मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक घमासान

  • मनीष कुमार

लखनऊ। 27 मई को रियल एस्टेट कारोबारी संदीप सिंह की हत्या मामले ने अब राजनीतिक रंग ले लिया है। इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर गंभीर आरोप लगाए हैं।

पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता दिनेश कुमार यादव और उसके चालक मुकर्रबीन उर्फ मुबीन को गिरफ्तार किया है। जांच के अनुसार, आरोपियों ने घटना से पहले कई बार इलाके की रेकी की थी और सुनियोजित तरीके से हत्या की साजिश रची गई थी।

इसी बीच मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए आरोप लगाया कि मुख्य आरोपी दिनेश यादव के समाजवादी पार्टी से संबंध बताए जाते हैं। उन्होंने दिनेश यादव और अखिलेश यादव की एक तस्वीर साझा करते हुए राजनीतिक हमला भी किया।

राजभर ने अपने पोस्ट में तीखी टिप्पणी करते हुए सपा पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि विपक्षी दल मामले को लेकर सरकार पर सवाल उठा रहा है, जबकि आरोपी से जुड़े संबंधों की भी जांच होनी चाहिए।

पुलिस के अनुसार, इस मामले में दिनेश कुमार यादव की चार लग्जरी गाड़ियां भी जब्त की गई हैं, जिनमें फॉर्च्यूनर, मर्सिडीज, रेनॉल्ट और टाटा सफारी शामिल हैं। इन वाहनों का इस्तेमाल हत्या की साजिश और रेकी में किए जाने की आशंका जताई जा रही है।

वहीं पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम अभी भी दो शूटरों और उनके एक सहयोगी की तलाश में जुटी हुई है। आरोपियों की तलाश में अंबेडकरनगर, जौनपुर सहित कई जिलों में दबिश दी जा रही है।

इस पूरे मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाज़ी तेज हो गई है और विपक्ष तथा सत्ता पक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments