
सपा नेत्री जूही सिंह ने महिलाओं के स्वास्थ्य को बताया सामाजिक सशक्तिकरण का आधार, डॉ. सान्या ने दी महत्वपूर्ण स्वास्थ्य संबंधी जानकारी
- शालिनी शर्मा
लखनऊ। विवेकानंद पुरी वार्ड, लखनऊ पूर्वी में लिज्जत पापड़ समूह से जुड़ी महिलाओं के लिए एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं के मानसिक स्वास्थ्य, सर्वाइकल कैंसर, स्तन कैंसर, हड्डियों की समस्याओं, कुपोषण तथा हीमोग्लोबिन की कमी जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में केजीएमयू की चिकित्सक डॉ. सान्या ने महिलाओं को सरल एवं सहज भाषा में विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं, उनके लक्षणों, बचाव और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं से समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ समाजवादी नेत्री जूही सिंह ने कहा कि महिलाओं का स्वास्थ्य केवल व्यक्तिगत नहीं, बल्कि सामाजिक और पारिवारिक विकास का भी महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने महिलाओं के स्वास्थ्य और पोषण को प्राथमिकता देते हुए कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित की थीं। पोषण मिशन, कैंसर अस्पतालों की स्थापना, मुफ्त दवा वितरण और स्वास्थ्य जागरूकता अभियानों जैसी पहलें महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने में सहायक बनीं।
कार्यक्रम का आयोजन महिला सभा की राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मीनाक्षी सिंह अग्रवाल द्वारा किया गया। वहीं महिला सभा की राष्ट्रीय सचिव नाहिद बेगम ने कार्यक्रम का संचालन किया। फरा नाज, राष्ट्रीय सचिव, सांस्कृतिक प्रकोष्ठ ने अपने प्रेरणादायक एवं क्रांतिकारी गीतों के माध्यम से उपस्थित महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने सहभागिता करते हुए स्वास्थ्य संबंधी जानकारियां प्राप्त कीं और नियमित जांच एवं जागरूकता को अपनाने का संकल्प लिया।


