HomeNEWSउपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने विशाल योग शिविर में दिया स्वस्थ जीवन का...

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने विशाल योग शिविर में दिया स्वस्थ जीवन का संदेश

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में योग को जन-जन तक पहुंचाने का किया आह्वान

  • शालिनी शर्मा

लखनऊ। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर ममता चैरिटेबल ट्रस्ट के तत्वावधान में आयोजित “विशाल योग शिविर” कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता करते हुए योगाभ्यास कर रहे लोगों को संबोधित किया। उन्होंने योग को स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवन का आधार बताते हुए इसकी महत्ता का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति और परंपरा की अमूल्य धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। योग न केवल शारीरिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाता है, बल्कि मानसिक शांति, आत्मविश्वास और आध्यात्मिक संतुलन भी प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज अंतरराष्ट्रीय योग दिवस विश्वभर में उत्साह के साथ मनाया जा रहा है।

उन्होंने उपस्थित लोगों से आग्रह किया कि वे स्वयं नियमित योग करें और अपने परिवार, मित्रों तथा समाज के अन्य लोगों को भी योग के प्रति प्रेरित करें, ताकि एक स्वस्थ और जागरूक समाज का निर्माण किया जा सके।

इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. दिनेश शर्मा, उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व मंत्री एवं विधान परिषद सदस्य डॉ. महेंद्र सिंह, भाजपा लखनऊ महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी, विधान परिषद सदस्य अवनीश सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता नीरज सिंह, न्यायमूर्ति रंगनाथ पाण्डेय, स्वामी कामेश्वर पुरी, सचिन धानवाल, डॉ. सुरभी धानवाल तथा उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा सहित अनेक गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के आयोजन में ममता चैरिटेबल ट्रस्ट के पदाधिकारियों राजीव मिश्र, गौरव पांडेय, राजेश शुक्ला, राजेश मिश्रा, राजीव तिवारी, पंकज उपाध्याय एवं गीता गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अतिथियों का स्वागत करते हुए ट्रस्ट पदाधिकारियों ने योग को जन-आंदोलन बनाने और समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

योग शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों, योग साधकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक योगाभ्यास कराया गया तथा स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया।

अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित यह कार्यक्रम योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ भारत के संकल्प को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments