मिशन शक्ति फेज-5: थाना अरौल पुलिस ने नेहरू विद्यालय इंटर कॉलेज में छात्राओं को किया जागरूक

- अजय कुमार सिंह
कानपुर नगर। “नारी है शक्ति, नारी ही अभिमान, नारी से ही रोशन यह सारा जहान।” इसी संदेश के साथ मिशन शक्ति फेज-5 के तहत थाना अरौल कमिश्नरेट कानपुर नगर की टीम ने कस्बा अरौल स्थित नेहरू विद्यालय इंटर कॉलेज में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया।
शनिवार, 11 अक्टूबर 2025 को आयोजित इस कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीम ने छात्र-छात्राओं, शिक्षिकाओं और विद्यालय स्टाफ को महिलाओं की सुरक्षा एवं अधिकारों से जुड़ी विभिन्न योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। टीम ने 1090, 1076, 1098, 112, 181 जैसे हेल्पलाइन नंबरों की उपयोगिता समझाते हुए बताया कि संकट की स्थिति में इन नंबरों के माध्यम से त्वरित सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम के दौरान टीम ने UPCOP ऐप की सुविधाओं से परिचित कराया और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे व्हाट्सएप, ट्विटर, फेसबुक, इंस्टाग्राम आदि के जिम्मेदार उपयोग पर जोर दिया। साथ ही महिला सशक्तिकरण अभियान और राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाएं— मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना आदि— के लाभ और पात्रता की जानकारी भी साझा की गई।

मिशन शक्ति टीम की प्रभारी महिला उपनिरीक्षक प्रीतांजली ने उपस्थित छात्राओं को थाना अरौल में नवस्थापित मिशन शक्ति केंद्र की कार्यप्रणाली से अवगत कराया। उन्होंने साइबर सुरक्षा पर विशेष बल देते हुए साइबर फ्रॉड से बचाव के तरीके भी बताए।
जागरूकता कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाचार्य, प्रभारी मिशन शक्ति टीम उपनिरीक्षक प्रीतांजली, महिला कांस्टेबल सोनम तथा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में यह संदेश दिया गया कि —
“सशक्त नारी से ही बनेगा सशक्त समाज।”
थाना अरौल, कमिश्नरेट कानपुर नगर पुलिस महिलाओं की सुरक्षा एवं सम्मान के प्रति पूर्णतः कटिबद्ध है



