HomeNEWSविधायक नीलिमा कटियार की अगुवाई में कल्याणपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

विधायक नीलिमा कटियार की अगुवाई में कल्याणपुर में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

पुराना शिवली रोड से शहीद संदीप चौहान की प्रतिमा तक गूंजा राष्ट्रभक्ति का जयघोष

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को लेकर कानपुर के विभिन्न क्षेत्रों में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में कल्याणपुर विधानसभा क्षेत्र में विधायक नीलिमा कटियार की अगुवाई में विभिन्न वार्डों में तिरंगा यात्रा निकाली जा रही है। बुधवार को पुराना शिवली रोड से आवास विकास नंबर-3 स्थित शहीद संदीप चौहान की प्रतिमा तक भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया।

तिरंगा यात्रा में विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं, एनसीसी कैडेट्स, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा क्षेत्र के विभिन्न वार्डों के पार्षदों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ आगे बढ़ते प्रतिभागियों ने पूरे माहौल को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया।

यात्रा के दौरान लोगों को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान से जुड़ने और अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने के लिए प्रेरित किया गया। यात्रा पुराना शिवली रोड से शुरू होकर विभिन्न मार्गों से होते हुए आवास विकास नंबर-3 स्थित शहीद संदीप चौहान की प्रतिमा पर पहुंचकर संपन्न हुई।

तिरंगा भारत की एकता और गौरव का प्रतीक : नीलिमा कटियार

इस अवसर पर विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि तिरंगा केवल देश का झंडा नहीं, बल्कि भारत की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि अभियान के तहत लोगों को अपने घरों पर तिरंगा लगाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उद्देश्य है कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हर घर में तिरंगा लहराए और हर दिल में देशभक्ति की भावना जागृत हो।

तिरंगा यात्रा में पार्षद आनंद शुक्ला, पार्षद दिनेश पासवान, पार्षद रामनारायण गौतम, पार्षद कौशल मिश्रा, सतेन्द्र पाण्डेय, कमल धमालिया, विक्की दीक्षित, मुरारी मिश्रा, निर्भय रेजा तथा कानपुर उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष राहुल शुक्ला सहित विभिन्न गणमान्य लोग मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments