‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति का दिया संदेश
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। शासन के निर्देश पर चलाए जा रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत बुधवार को बीएनएसडी इंटर कॉलेज, चुन्नीगंज, कानपुर में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को तिरंगे वितरित किए गए।
इस अवसर पर कॉलेज के प्रवक्ता डॉ. दिवाकर मिश्र एवं अतुल दीक्षित ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के महत्व पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों से अपने-अपने घरों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ध्वज देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के मन में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय गौरव की भावना को और मजबूत करना है।
तिरंगा वितरण अभियान में कॉलेज के बड़ी संख्या में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों में राष्ट्रध्वज को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।


