HomeNEWSविधायक सुरेंद्र मैथानी और जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित की अगुवाई में निकली भव्य...

विधायक सुरेंद्र मैथानी और जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित की अगुवाई में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

दादा नगर से पनकी मंडल के विभिन्न मार्गों तक गूंजे ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के जयघोष

  • हरिओम गुप्ता

कानपुर नगर। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के अंतर्गत दादा नगर (पनकी मंडल) में विशाल एवं भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा में क्षेत्रवासियों का जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। पूरा क्षेत्र ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी जयकारों से गुंजायमान रहा।

कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र मैथानी ने तिरंगा फहराकर हाथ में राष्ट्रध्वज लेकर यात्रा का नेतृत्व किया। उनके साथ भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित भी मौजूद रहे। दादा नगर से शुरू हुई तिरंगा यात्रा पनकी मंडल के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। यात्रा में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक, युवा, महिलाएं एवं भाजपा कार्यकर्ता हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। जगह-जगह क्षेत्रीय लोगों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

हर नागरिक का गौरव है तिरंगा : सुरेंद्र मैथानी

इस अवसर पर विधायक सुरेंद्र मैथानी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर ‘हर घर तिरंगा’ अभियान जनांदोलन का रूप ले चुका है। तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि उन अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों एवं बलिदानियों को नमन करने का माध्यम है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

उन्होंने कहा कि पनकी मंडल की जनता की बड़ी संख्या में सहभागिता यह दर्शाती है कि राष्ट्रभक्ति की भावना प्रत्येक नागरिक के हृदय में मजबूत है। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपने घरों, दुकानों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।

राष्ट्र की एकता का संदेश देती है तिरंगा यात्रा : अनिल दीक्षित

भाजपा जिलाध्यक्ष अनिल दीक्षित ने कहा कि ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के माध्यम से देशभर में राष्ट्रभक्ति की भावना को नई ऊर्जा मिली है। तिरंगा यात्रा समाज के प्रत्येक वर्ग को एकजुट करने के साथ नई पीढ़ी को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने का कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देश के प्रति सम्मान की भावना को और मजबूत किया जा रहा है।

कार्यक्रम में पार्षद आरती त्रिपाठी, मंडल अध्यक्ष विजय पटेल, अभिनव दीक्षित, ललित उपाध्याय, सियाराम पाल, आलोक तिवारी, राजेश सिंह, केके तिवारी, प्रियंका सिंह, आशा पाल, अस्मिता निगम सहित वरिष्ठ पदाधिकारी, वार्ड पार्षद, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments