विधिक सेवा शिविर बना न्याय और कल्याणकारी योजनाओं का संगम लाभार्थियों को मिला सम्मान, अधिकारों की दी गई जानकारी

- प्रियंका द्विवेदी
कानपुर नगर। न्याय को आमजन तक पहुंचाने और सरकारी योजनाओं की जानकारी घर-घर तक पहुंचाने के उद्देश्य से वृहद विधिक सेवा एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, कानपुर नगर तथा छत्रपति शाहूजी महाराज विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में रानी लक्ष्मीबाई प्रेक्षा गृह में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित करते हुए उन्हें प्रमाणपत्र और प्रतीकात्मक लाभ प्रदान किए गए। साथ ही 43 विभागों की प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ जनपद न्यायाधीश अनमोल पाल, कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक, जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह, अपर जिला जज विनय सिंह, प्रभारी सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कर्णिका अवध और मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने दीप प्रज्वलित कर किया।
जनपद न्यायाधीश अनमोल पाल ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण का लक्ष्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना है। उन्होंने लाभार्थियों से अपने अनुभव साझा कर अन्य लोगों को जागरूक करने का आह्वान किया। कुलपति प्रो. विनय कुमार पाठक ने कहा कि विधिक सेवा प्राधिकरण न्याय को सरल और सुलभ बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि न्याय केवल न्यायालयों तक सीमित विषय नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक के अधिकारों से जुड़ा प्रश्न है। उन्होंने बताया कि आर्थिक अभाव के कारण न्याय से वंचित लोगों को निःशुल्क अधिवक्ता उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रभारी सचिव डीएलएसए कर्णिका अवध ने प्राधिकरण की योजनाओं और लोक अदालतों की भूमिका पर प्रकाश डाला, जबकि मुख्य विकास अधिकारी दीक्षा जैन ने इस मंच को न्याय और विकास को जोड़ने वाला प्रभावी माध्यम बताया।
शिविर के दौरान मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत माधुरी पत्नी अजय कुमार और अनीता पत्नी ओमप्रकाश को आवास की प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई। आयुष्मान योजना के अंतर्गत उमा, सुषमा और सिया जानकी को आयुष्मान कार्ड वितरित किए गए। टूल किट योजना के तहत लक्ष्मी और पूजा को सिलाई मशीन दी गई। श्रम विभाग की योजनाओं से लल्ली देवी, बबलू, धनदेवी और उमेश कुमार लाभान्वित हुए।
इसके अलावा राजेश कुमार गुप्ता, मोहन कुमार और मनोज कुमार सहित दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए। महिला बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की ओर से सृष्टि अनिरुद्ध, रियांश, रुद्रांशी और वैष्णवी का अन्नप्राशन कराया गया। अंत में नोडल अधिकारी एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश विनय सिंह ने धन्यवाद ज्ञापन कर कार्यक्रम का समापन किया।
शिविर में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, डूडा, ग्राम विकास, परिवहन, उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण, रेशम विकास, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, मिशन शक्ति, पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, श्रम, बाल विकास, खाद्य एवं रसद, स्वास्थ्य, पशुपालन, उद्योग, शिक्षा, दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग और जिला कारागार सहित कुल 43 विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। बड़ी संख्या में लोगों ने स्टॉलों पर पहुंचकर योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की।



