
26 रक्तदाताओं ने किया रक्तदान, युवाओं और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी से जुटी 26 यूनिट रक्त; रक्तदान को बताया मानवता की सबसे बड़ी सेवा
- निखिल गुप्ता
फतेहपुर। विश्व थैलेसीमिया दिवस के अवसर पर सक्षम प्राणदा प्रकोष्ठ, सक्षम की जिला इकाई फतेहपुर एवं सर्व फॉर ह्यूमैनिटी फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में मानस रक्त केंद्र, गोपाल नगर में विशाल रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम सक्षम के प्रांत उपाध्यक्ष पीयूष द्विवेदी के मार्गदर्शन तथा प्राणदा प्रकोष्ठ के प्रांत अध्यक्ष गुरमीत सिंह बग्गा के नेतृत्व में संपन्न हुआ। शिविर में युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ डीएवी किड्स केयर स्कूल की प्रिंसिपल गीतांजलि सिंह एवं राष्ट्रपति अवॉर्डी तथा प्राथमिक स्कूल अस्ती की प्रिंसिपल आसिया फारुकी ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन अवसर पर वक्ताओं ने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताते हुए लोगों से नियमित रूप से रक्तदान करने की अपील की।
रक्तदान शिविर के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। जागरूकता और काउंसलिंग के प्रभाव से कई लोगों ने पहली बार रक्तदान किया। सक्षम के चरैवेति आयाम के प्रांत प्रमुख धीरेन्द्र गुप्त, गीतांजलि सिंह सहित कई युवाओं ने पहली बार रक्तदान करते हुए इसे आत्मिक संतोष देने वाला अनुभव बताया तथा भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करने का संकल्प लिया।

विश्व थैलेसीमिया दिवस पर आयोजित इस शिविर में कुल 26 रक्तदाताओं ने रक्तदान किया। रक्तदान करने वालों में मो. बशीर, शिव बहादुर, योगेश कुमार, मनीष कुमार, पुष्पेंद्र सिंह, जिला सचिव सीताराम सिंह चौहान, युवा आयाम प्रमुख नवीन सिंह चौहान, रोजगार आयाम प्रमुख राजेश कुमार, प्राथमिक शिक्षक प्रवेश अवस्थी, सचिन प्रभाकर, मोहम्मद आलम, गीतांजलि सिंह, हितेंद्र सिंह, जितेंद्र शुक्ला, धीरेंद्र गुप्ता, शोएब हुसैन, मोहम्मद अली, अनुज कुमार, तुषार श्रीवास्तव, मुकेश भारती, गोलू, दीपराज गुप्ता, अरविंद, योगेंद्र, विजय सिंह एवं रोहित सहित कई सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपनी सहभागिता सुनिश्चित की। सभी रक्तदाताओं का माल्यार्पण एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि थैलेसीमिया जैसी गंभीर बीमारी से पीड़ित बच्चों एवं मरीजों को नियमित रूप से रक्त की आवश्यकता होती है। ऐसे में प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति का यह नैतिक दायित्व है कि वह समय-समय पर रक्तदान कर जरूरतमंदों की सहायता करे। रक्तदान न केवल किसी का जीवन बचाता है, बल्कि यह समाज में सेवा, संवेदना और मानवता की भावना को भी मजबूत करता है।
शिविर में महिलाओं, युवाओं एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी ने यह साबित कर दिया कि फतेहपुर जनपद में सेवा कार्यों के प्रति लोगों में जागरूकता लगातार बढ़ रही है। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे जनहितकारी कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराया जा सके।
रक्तदान शिविर पूर्णतः सफल एवं प्रेरणादायी वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें कुल 26 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। कार्यक्रम के अंत में पीयूष द्विवेदी, गुरमीत सिंह बग्गा एवं सीताराम सिंह चौहान ने चिकित्सकीय टीम डॉ. कैलाश पटेल, अमन यादव, अनामिका, अनुस, अंजलि, विष्णु तथा सहयोगी संस्थाओं एवं उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि “रक्तदान महादान है” और यह किसी भी जरूरतमंद के लिए जीवनदान साबित हो सकता है।


