
सर्वाइकल कैंसर एवं मासिक धर्म स्वच्छता पर महिलाओं को किया गया जागरूक; सैकड़ों महिलाओं ने लिया लाभ
- आशा चौधरी
गौतमबुद्धनगर। विश्व मासिक धर्म स्वच्छता दिवस के अवसर पर ग्राम होशियारपुर में सर्वोदय हॉस्पिटल द्वारा एक विशेष स्वास्थ्य जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम समाजवादी पार्टी महिला सभा गौतमबुद्धनगर की जिलाध्यक्ष डॉ. शशि यादव के सौजन्य से संपन्न हुआ।
इस जागरूकता सत्र का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर (सर्वाइकल कैंसर) एवं मासिक धर्म स्वच्छता के प्रति जागरूक करना था, ताकि समय रहते बीमारी की पहचान और रोकथाम सुनिश्चित की जा सके।
कार्यक्रम का संचालन विशेषज्ञ चिकित्सकों डॉ. शहला जमाल और डॉ. सुगंधा आर्या द्वारा किया गया। दोनों चिकित्सकों ने महिलाओं को मासिक धर्म के दौरान स्वच्छता बनाए रखने, सर्वाइकल कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों की पहचान तथा नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में महिलाओं ने भाग लिया और स्वास्थ्य संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त कीं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को निःशुल्क सैनिटरी पैड वितरित किए गए तथा मात्र ₹1 में मैमोग्राफी कूपन उपलब्ध कराए गए, जिससे स्वास्थ्य जांच को और अधिक सुलभ बनाया जा सके।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी चिकित्सकों, आयोजकों एवं आगंतुकों ने महिलाओं के स्वास्थ्य और जागरूकता के प्रति इस प्रयास की सराहना की।
डॉ. शशि यादव, जिलाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी महिला सभा गौतमबुद्धनगर ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने और उन्हें सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने कहा— “स्वस्थ शरीर, खुशहाल जीवन” — इसी उद्देश्य के साथ भविष्य में भी इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।


