परीक्षा ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों को सतर्कता, अनुशासन एवं सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दिए गए आवश्यक दिशा-निर्देश
- गौरव मिश्रा
उन्नाव। बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा-2026, जो दिनांक 31.05.2026 को जनपद उन्नाव में दो पालियों में आयोजित की जानी है, को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सकुशल संपन्न कराए जाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं।
इसी क्रम में दिनांक 29.05.2026 को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्री जय प्रकाश सिंह के निर्देशानुसार अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) श्री अखिलेश सिंह एवं क्षेत्राधिकारी लाइन श्रीमती विनी सिंह द्वारा परीक्षा ड्यूटी में नियुक्त समस्त पुलिस बल को ब्रीफ किया गया।
ब्रीफिंग के दौरान अधिकारियों द्वारा पुलिस कर्मियों को परीक्षा केंद्रों पर पूर्ण सतर्कता एवं अनुशासन के साथ ड्यूटी निभाने, अभ्यर्थियों के सुगम एवं व्यवस्थित प्रवेश एवं निकास व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की गोपनीयता एवं निष्पक्षता बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है, जिसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। साथ ही परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करते हुए यातायात व्यवस्था को भी सुचारू बनाए रखने पर जोर दिया गया।
उन्होंने यह भी निर्देशित किया कि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह की स्थिति में तत्काल प्रभावी कार्रवाई की जाए तथा समन्वय के साथ स्थिति को नियंत्रित किया जाए, जिससे परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हो सके।


