वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कानपुर ज़ोन की समीक्षा, अपराध नियंत्रण व महाशिवरात्रि तैयारियों पर जोर

- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी आलोक सिंह ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कानपुर ज़ोन के सभी जनपद प्रभारियों के साथ समीक्षा गोष्ठी आयोजित कर अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की सुदृढ़ता तथा आगामी महाशिवरात्रि पर्व की तैयारियों सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की।
समीक्षा बैठक के दौरान चालू वित्तीय वर्ष के बजट व्यय की प्रगति, साइबर अपराधों की रोकथाम, यातायात प्रबंधन और जनसुरक्षा से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि संगठित अपराध, महिला एवं बाल अपराध और टॉप-10 व माफिया अपराधियों के खिलाफ प्रभावी एवं परिणामपरक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

महाशिवरात्रि पर्व को लेकर सभी जनपदों में मंदिरों, शिवालयों, प्रमुख धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का पूर्व निरीक्षण कर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सीसीटीवी मॉनिटरिंग, ड्रोन और पीए सिस्टम के उपयोग तथा प्रभावी यातायात डायवर्जन प्लान तैयार करने पर जोर दिया गया। संवेदनशील स्थानों पर मजिस्ट्रेट और पुलिस की संयुक्त ड्यूटी लगाकर किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पूर्व तैयारी रखने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में साइबर क्राइम हेल्पडेस्क को सक्रिय रखते हुए ऑनलाइन ठगी और फ्रॉड के मामलों में त्वरित कार्रवाई करने तथा सड़क सुरक्षा व यातायात अनुशासन के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। दुर्घटना संभावित स्थलों पर अतिरिक्त सतर्कता बरतने पर भी बल दिया गया।
अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप संवेदनशील, पारदर्शी, जवाबदेह और परिणाममुखी पुलिसिंग सुनिश्चित करते हुए आमजन में सुरक्षा और विश्वास का वातावरण मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
समीक्षा गोष्ठी में पुलिस महानिरीक्षक झांसी परिक्षेत्र आकाश कुलहरि एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक कानपुर परिक्षेत्र हरीश चंदर भी उपस्थित रहे।



