सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग और रूट डायवर्जन का लिया जायजा, अधिकारियों को समय से तैयारियां पूरी करने के निर्देश
- हरिओम गुप्ता
कानपुर नगर। आगामी वीवीआईपी कार्यक्रम के मद्देनजर पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने हेलीपैड स्थल, कार्यक्रम स्थल और वाल्मीकि आश्रम का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान वीवीआईपी सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती, वाहनों की पार्किंग, यातायात प्रबंधन और रूट डायवर्जन की व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई। इसके साथ ही वीवीआईपी के आवागमन के लिए निर्धारित मार्गों, बैरिकेडिंग तथा कार्यक्रम के दौरान भीड़ नियंत्रण के इंतजामों का भी जायजा लिया गया।

डीसीपी पश्चिम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी कर ली जाएं। उन्होंने सुरक्षा प्रबंधों को मजबूत बनाए रखने और वीवीआईपी आवागमन के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण का उद्देश्य आगामी कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को व्यवस्थित रखना तथा किसी भी संभावित अव्यवस्था से बचने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करना रहा।


