HomeNEWS‘शिक्षा का कानपुर मॉडल’ तैयार करेगी कानपुर एजुकेशन कमेटी : डॉ. सिधांशु...

‘शिक्षा का कानपुर मॉडल’ तैयार करेगी कानपुर एजुकेशन कमेटी : डॉ. सिधांशु राय

मुस्कुराए कानपुर की पहल पर 21 शिक्षा विशेषज्ञों की कमेटी का गठन, गुणवत्तापूर्ण, रोजगारोन्मुख और संतुष्टिपूर्ण शिक्षा व्यवस्था पर रहेगा फोकस

  • सौम्या पाण्डेय

कानपुर नगर। शहर को विश्वस्तरीय और संतोषजनक शिक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ‘मुस्कुराए कानपुर’ के तत्वावधान में कानपुर एजुकेशन कमेटी का शुभारंभ किया गया। आवास विकास स्थित एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में स्मार्ट सिटी ब्रांड एंबेसडर एवं शिक्षाविद् डॉ. सिधांशु राय, सहायक राज्य आयुक्त भारत स्काउट एंड गाइड डॉ. आर.सी. शर्मा, डॉ. अवध बिहारी मिश्रा, पी.सी. अग्निहोत्री और अमित अग्रवाल ने संयुक्त रूप से कमेटी का शुभारंभ किया।

इस नवगठित कमेटी में प्राथमिक, माध्यमिक, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा से जुड़े अनुभवी प्राचार्यों, प्रधानाचार्यों, शिक्षकों, प्रोफेसरों, प्रबंधकों और ट्रेनर्स सहित 21 विशेषज्ञों को शामिल किया गया है। कमेटी का उद्देश्य शहर की शिक्षा व्यवस्था को नई दिशा देना तथा एक ऐसा मॉडल विकसित करना है जो गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ रोजगार, नैतिक मूल्यों और अभिभावकों की अपेक्षाओं को भी पूरा कर सके।

कमेटी के संस्थापक डॉ. सिधांशु राय ने कहा कि किसी भी शहर का भविष्य उसकी शिक्षा व्यवस्था पर निर्भर करता है। उन्होंने कहा कि कानपुर एजुकेशन कमेटी शहर की आवश्यकताओं और चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए ‘शिक्षा का कानपुर मॉडल’ तैयार करेगी, जो भविष्य में पूरे उत्तर प्रदेश के लिए एक आदर्श मॉडल साबित हो सकता है।

कार्यक्रम में डॉ. आर.सी. शर्मा को कानपुर एजुकेशन कमेटी का समन्वयक घोषित किया गया। उन्होंने कहा कि कमेटी का प्रमुख उद्देश्य विद्यार्थियों को रोजगारोन्मुख शिक्षा प्रदान करना, शिक्षा को अधिक सुलभ और किफायती बनाना तथा अभिभावकों की संतुष्टि सुनिश्चित करना होगा। इसके लिए विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और विशेषज्ञों के साथ लगातार संवाद और अध्ययन किया जाएगा।

वरिष्ठ शिक्षाविद् प्रेमचंद अग्निहोत्री ने कहा कि कमेटी शिक्षा के क्षेत्र में सरकार की नीतियों और उद्देश्यों के अनुरूप कार्य करेगी। वहीं डॉ. अवध बिहारी मिश्रा ने इसे कानपुर की शिक्षा व्यवस्था के लिए एक अभिनव और दूरदर्शी पहल बताया।

अमित अग्रवाल, प्रो. जी.एल. श्रीवास्तव और राजेश ग्रोवर ने संयुक्त रूप से कहा कि प्रस्तावित ‘कानपुर मॉडल’ केवल शैक्षणिक उत्कृष्टता तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, सामाजिक उत्तरदायित्व और सकारात्मक सोच के विकास पर भी विशेष ध्यान देगा। उनका मानना है कि यह मॉडल वर्तमान समय की आवश्यकताओं के अनुरूप एक संतुलित और आधुनिक शिक्षा प्रणाली विकसित करने में सहायक होगा।

कार्यक्रम में उपस्थित शिक्षा विशेषज्ञों ने भी इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि कानपुर एजुकेशन कमेटी शहर की शिक्षा व्यवस्था में सकारात्मक बदलाव लाने और नई संभावनाओं को विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। यह पहल शिक्षा के क्षेत्र में कानपुर को नई पहचान दिलाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास मानी जा रही है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments