सुरक्षा, सीसीटीवी निगरानी, अभ्यर्थियों की सुविधाओं और प्रवेश व्यवस्था का लिया जायजा, निष्पक्ष परीक्षा कराने के दिए निर्देश
- मोहित कुमार
महोबा। उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड, लखनऊ द्वारा आयोजित पुलिस आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों की सीधी भर्ती परीक्षा-2025 को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। जनपद में 8, 9 एवं 10 जून 2026 को पांच परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में कुल 2064 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से डीएवी इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, मुकुंद लाल राजकीय इंटर कॉलेज सहित विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों के सुगम एवं व्यवस्थित प्रवेश हेतु तैयार किए गए गेट प्लान, बैरिकेडिंग व्यवस्था, चरणबद्ध प्रवेश प्रणाली तथा भीड़ नियंत्रण के उपायों का गहन परीक्षण किया गया।

अधिकारियों ने परीक्षा केंद्रों पर स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की तथा कंट्रोल रूम से की जा रही निगरानी व्यवस्था का अवलोकन किया। संवेदनशील स्थलों की पहचान कर वहां अतिरिक्त सतर्कता बरतने एवं सुरक्षा प्रबंधों को और मजबूत करने के निर्देश दिए गए।
निरीक्षण के दौरान अभ्यर्थियों के बैठने की समुचित व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, छाया व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी केंद्रों पर कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने कहा कि भर्ती परीक्षा को पूरी निष्पक्षता और शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित विभागों को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।


