घंटाघर चौराहे पर भारत माता की प्रतिमा के समक्ष हुआ भव्य आयोजन, कार्यकर्ताओं ने मनाई खुशी
- अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय और सरकार गठन के उपलक्ष्य में कानपुर के ऐतिहासिक घंटाघर चौराहे पर भव्य उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम भारत माता की प्रतिमा के समक्ष सम्पन्न हुआ, जहां बड़ी संख्या में भाजपा एवं व्यापार मंडल के कार्यकर्ता तथा आम नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर बंगाल के नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह का लाइव प्रसारण बड़ी स्क्रीन पर दिखाया गया, जिसे उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक देखा। कार्यक्रम स्थल पर पूरे समय उत्सव जैसा माहौल बना रहा।
कार्यक्रम के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की थाप पर खुशी व्यक्त की और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल, जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित, दक्षिण के अध्यक्ष शिवराम सिंह, भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष मुकुंद मिश्रा, क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी एवं जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा ने कार्यकर्ताओं और जनता पर पुष्प वर्षा कर जीत की बधाई दी।

शपथ ग्रहण के बाद उपस्थित लोगों के बीच बंगाल की पारंपरिक खाद्य सामग्री “झालमुड़ी” का वितरण किया गया, जिसे प्राप्त करने के लिए बड़ी संख्या में लोग उमड़ पड़े। पूरे कार्यक्रम में बंगाल विजय को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला।
इस अवसर पर क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का सपना आज साकार हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं के लंबे संघर्ष और त्याग को नई ऊर्जा मिली है। उन्होंने यह भी कहा कि “गंगोत्री से गंगा सागर तक विकास और सुशासन की धारा अब और मजबूत होगी।”
उन्होंने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध विपक्ष को भारी पड़ा और जनता ने उसे राजनीतिक रूप से नकार दिया है। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता अब भय, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण से मुक्ति चाहती थी, और भाजपा सरकार के गठन से विकास का नया युग शुरू होगा।
कार्यक्रम में भाजपा जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, जिला महामंत्री प्रमोद विश्वकर्मा, सुनील साहू, रमाशंकर अग्रहरि, व्यापारी नेता राहुल दीक्षित, सुधीर द्विवेदी, पारस नाथ शर्मा, प्रांजुल गुप्ता, अवध बिहारी शर्मा, सुरेश गुप्ता, नितेश सोनकर, कृष्णा तिवारी सहित बड़ी संख्या में भाजपा एवं व्यापार मंडल के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


