सुगम यातायात योजना के तहत वाहन चालकों और राहगीरों को किया गया जागरूक
अंकित बाजपेई
कानपुर नगर। सुगम यातायात योजना (RTC Scheme) के अंतर्गत श्याम नगर चौराहा पर यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस उपायुक्त यातायात रवीन्द्र कुमार के निर्देशन में आयोजित इस अभियान में यातायात पुलिस टीम ने वाहन चालकों, ऑटो चालकों एवं राहगीरों को सड़क सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
अभियान के दौरान लोगों को हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा नशे की अवस्था में वाहन न चलाने के प्रति जागरूक किया गया। यातायात कर्मियों ने सभी वाहन चालकों से नियमों का पालन कर स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की।
इस अवसर पर आमजन के बीच यातायात जागरूकता से संबंधित पम्पलेट भी वितरित किए गए। अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यातायात नियमों का पालन कर दुर्घटनाओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।
यातायात विभाग द्वारा चलाए गए इस अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना, लोगों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा शहर में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था को मजबूत बनाना है।


