कार्यशाला में अभियान की रूपरेखा तय, गुरु पूर्णिमा से माघी पूर्णिमा तक चार चरणों में चलेंगे कार्यक्रम
- सौम्या पाण्डेय
कानपुर नगर। संत शिरोमणि गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जन्म जयंती के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित किए जाने वाले ‘समरसता संकल्प अभियान’ को लेकर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने की। इस दौरान अभियान की रूपरेखा, कार्यक्रमों और संगठनात्मक तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने बताया कि 29 जुलाई (गुरु पूर्णिमा) से शुरू होने वाला यह अभियान 20 फरवरी 2027 (माघी पूर्णिमा) तक चार चरणों में संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य संत रविदास जी के समरसता, समानता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
उन्होंने बताया कि अभियान के प्रथम चरण में जिले के सभी संत रविदास मंदिरों को विशेष रूप से सजाया जाएगा। इसके साथ ही दीपोत्सव, भजन-कीर्तन, सांस्कृतिक कार्यक्रम, कलश वंदन, संत सम्मेलन और शोभायात्राओं का आयोजन किया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए प्रत्येक मंडल में एक संयोजक एवं तीन सहसंयोजकों की नियुक्ति भी की गई है।
कार्यशाला में विधायक नीलिमा कटियार, सुरेंद्र मैथानी तथा वरिष्ठ भाजपा नेता सुरेश अवस्थी ने अभियान को सामाजिक समरसता और संगठनात्मक मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कार्यकर्ताओं से इसे जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
क्षेत्रीय संयोजक रामवीर कठेरिया की उपस्थिति में आयोजित कार्यशाला में अभियान संयोजक धीरज बाल्मीकि ने प्रस्तावना प्रस्तुत की, जबकि संचालन अवधेश ने किया।
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष अनिल दीक्षित ने 26 जुलाई को कारगिल विजय दिवस एवं प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम के सफल आयोजन पर भी जोर दिया। उन्होंने सभी मंडलों को निर्देश दिए कि अपने-अपने क्षेत्रों में वीर सैनिकों एवं उनके परिजनों का सम्मान करें तथा सामूहिक रूप से ‘मन की बात’ कार्यक्रम का श्रवण सुनिश्चित करें।
कार्यशाला में सीमा एमबीए, अभिनव दीक्षित, प्रमोद विश्वकर्मा, जन्मेजय सिंह, शिवांग मिश्रा, जिला मीडिया प्रभारी अनुराग शर्मा, वास्ते त्रिपाठी, किरण तिवारी, विजय वर्मा, शालिनी कटियार, रामजी गुप्ता, विनोद पाल, सुरेंद्र गुप्ता, प्रशांत त्रिपाठी, मोनेन्द्र राजपूत, पूनम कंवर, राधा सैनी सहित विभिन्न मंडलों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


