HomeNEWSवीरांगना फूलन देवी की पुण्यतिथि पर सपा ने दी श्रद्धांजलि, प्रदेशभर में...

वीरांगना फूलन देवी की पुण्यतिथि पर सपा ने दी श्रद्धांजलि, प्रदेशभर में हुए कार्यक्रम

लखनऊ मुख्यालय से लेकर विभिन्न जनपदों तक आयोजित हुई श्रद्धांजलि सभाएं, मेधावी छात्राओं को साइकिलें भी वितरित की गईं

  • अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी की पूर्व सांसद एवं सामाजिक न्याय की प्रतीक मानी जाने वाली वीरांगना फूलन देवी की पुण्यतिथि पर शनिवार को राजधानी लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय सहित प्रदेश के विभिन्न जनपदों में श्रद्धांजलि सभाओं और विचार गोष्ठियों का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा सामाजिक न्याय और समानता के लिए उनके संघर्ष को याद किया।

लखनऊ स्थित सपा राज्य मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल ने वीरांगना फूलन देवी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर पूर्व सांसद अरविंद कुमार सिंह, पूर्व एमएलसी रामवृक्ष यादव, समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रो. बी. पांडेय तथा महिला सभा की राष्ट्रीय अध्यक्ष सीमा राजभर सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने भी श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के विचारों का उल्लेख करते हुए नेताओं ने कहा कि फूलन देवी निषाद, मल्लाह, बिंद, कश्यप, बाथम और मांझी समाज सहित वंचित वर्गों की अस्मिता एवं सामाजिक न्याय की प्रतीक थीं। उन्होंने अन्याय, अत्याचार और शोषण के खिलाफ संघर्ष करते हुए समाज के कमजोर वर्गों की आवाज बुलंद की।

कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं, पूर्व विधायकों, पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाग लिया और सामाजिक न्याय के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

समाजवादी पार्टी के लखनऊ महानगर कार्यालय में भी वीरांगना फूलन देवी की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। महानगर अध्यक्ष फाखिर सिद्दीकी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में वक्ताओं ने उनके जीवन संघर्ष, सामाजिक योगदान और महिलाओं के सशक्तिकरण पर विस्तार से प्रकाश डाला।

इसी क्रम में सरोजनीनगर क्षेत्र के भटगांव में समाजवादी मजदूर सभा के तत्वावधान में भी श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पूर्व विधायक श्याम किशोर यादव मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने हिस्सा लिया।

गोरखपुर में आयोजित कार्यक्रम में समाजवादी पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजपाल कश्यप ने कहा कि सामाजिक न्याय की स्थापना समाजवादी पार्टी की प्राथमिकता रही है और पार्टी समाज के सभी वर्गों को समान अधिकार दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है। कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजमती निषाद, विनय शंकर तिवारी सहित कई नेताओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की।

वहीं, मेरठ जनपद की सरधना विधानसभा क्षेत्र के दौराला में आयोजित विचार गोष्ठी के दौरान कश्यप समाज की 250 से अधिक मेधावी छात्राओं को साइकिलें वितरित की गईं। आयोजकों ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य बेटियों को शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करना और उन्हें आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ाना है।

प्रदेशभर में आयोजित इन कार्यक्रमों में समाजवादी पार्टी के नेताओं ने वीरांगना फूलन देवी के सामाजिक संघर्ष को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया और सामाजिक समानता, न्याय तथा शिक्षा के प्रसार का संदेश दिया।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments