NEWSUttar Pradesh

सपा मुख्यालय में उलेमा प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात, अखिलेश यादव ने साधा भाजपा पर निशाना

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। चीन भारत का दोस्त नहीं हो सकता, क्योंकि वह लगातार भारतीय कारोबार और व्यापार पर कब्जा जमा रहा है।

  • अखिलेश कुमार अग्रहरि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से मंगलवार को पार्टी मुख्यालय लखनऊ में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए उलेमा-ए-इकराम के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान उलेमा-ए-इकराम ने अखिलेश यादव के दोबारा मुख्यमंत्री बनने की दुआ की और समाजवादी पार्टी के प्रति अपना अटूट समर्थन व्यक्त किया।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि अखिलेश यादव समाजवादी पार्टी के संस्थापक नेताजी मुलायम सिंह यादव के पदचिन्हों पर चल रहे हैं। इसलिए समाजवादी पार्टी के साथ उनका रिश्ता भावनात्मक और भरोसे पर टिका है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सपा के साथ वे पूरी ताकत से खड़े रहेंगे।

अखिलेश यादव ने समर्थन जताने के लिए उलेमा-ए-इकराम का आभार प्रकट करते हुए भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमों में फंसाया जा रहा है, मॉब लिंचिंग की घटनाएं बढ़ी हैं और पुलिस हिरासत में मौतें हो रही हैं। भाजपा सरकार राजनीतिक फायदे के लिए पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग कर रही है, जबकि भ्रष्टाचार, लूट और बेईमानी चरम पर है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने किसानों, नौजवानों, छात्रों और बुनकरों तक को निराश किया है। “भाजपा नफरत का कारोबार करती है और प्रदेश को हर क्षेत्र में बर्बाद कर चुकी है,” अखिलेश यादव ने कहा।

2024 लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने दावा किया कि भाजपा को कमजोर करने में समाजवादी पार्टी की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा को सत्ता से बाहर करना ही देशहित में होगा। “हमारी सरकार बनने पर सामाजिक न्याय की स्थापना होगी और पीडीए (पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक) नीति के तहत सबके कल्याण और विकास का मार्ग प्रशस्त किया जाएगा,” उन्होंने कहा।

सपा अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से सतर्क रहने का आह्वान करते हुए कहा कि बूथ स्तर पर जिम्मेदारियां और बढ़ गई हैं। उन्हें वोट बनवाने से लेकर वोट गिनवाने तक हर कदम पर मेहनत और जागरूकता से काम करना होगा, क्योंकि भाजपा चुनावों में हर स्तर पर बेईमानी करती है।

इस मौके पर समाजवादी अल्पसंख्यक सभा के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद शकील नदवी के साथ बड़ी संख्या में उलेमा मौजूद रहे। इनमें मौलाना आरिफ, मौलाना अब्दुल हलीम, मौलाना अशरफ, मौलाना इकबाल, मौलाना सुफियान, मुफ्ती मोहम्मद मुदस्सिर, हाजी अय्यूब, मौलाना हारुन, मौलाना रिजवान समेत कई प्रमुख नाम शामिल रहे।

कार्यक्रम में सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, अल्पसंख्यक सभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना इकबाल कादरी, राष्ट्रीय सचिव राजेंद्र चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल और तेजिंदर विर्क भी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button