
कानपुर में आयोजित लाभार्थी वितरण कार्यक्रम में रोजगार सृजन, सामाजिक सुरक्षा और आत्मनिर्भर भारत पर हुआ मंथन
- ज्योति सिंह
कानपुर नगर। कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) क्षेत्रीय कार्यालय कानपुर द्वारा एचबीटीयू के शताब्दी भवन सभागार में प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना (PM-VBRY) के अंतर्गत राष्ट्रीय कार्यशाला एवं लाभार्थी वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान देशभर के पात्र कर्मचारियों एवं नियोक्ताओं को प्रोत्साहन राशि वितरण से संबंधित राष्ट्रीय कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी किया गया।
कार्यक्रम में सांसद देवेन्द्र सिंह ‘भोले’, विधायक नीलिमा कटियार, कैबिनेट मंत्री राकेश सचान, रीजनल पीएफ कमिश्नर शाहिद इकबाल सहित अनेक गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। इस अवसर पर रोजगार सृजन, श्रमिक कल्याण, सामाजिक सुरक्षा तथा विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर विस्तृत चर्चा की गई।
विधायक नीलिमा कटियार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना युवाओं को औपचारिक रोजगार से जोड़ने, श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा प्रदान करने तथा रोजगार उपलब्ध कराने वाले संस्थानों को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने कहा कि यह योजना विकसित भारत-2047 के संकल्प को साकार करने में अहम भूमिका निभाएगी।

उन्होंने बताया कि 15 अगस्त 2025 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने लाल किले से इस महत्वाकांक्षी योजना की घोषणा की थी। लगभग 99,446 करोड़ रुपये के परिव्यय वाली इस योजना का लक्ष्य अगस्त 2025 से जुलाई 2027 तक 3.5 करोड़ से अधिक रोजगार अवसरों का सृजन करना है। इनमें लगभग 1.92 करोड़ युवाओं को पहली बार औपचारिक रोजगार मिलने का अनुमान है।
योजना के तहत पहली बार औपचारिक रोजगार पाने वाले युवाओं को 15,000 रुपये तक की प्रोत्साहन राशि तथा अतिरिक्त रोजगार सृजित करने वाले नियोक्ताओं को प्रति कर्मचारी प्रतिमाह 3,000 रुपये तक का प्रोत्साहन दिया जा रहा है। दूसरी किस्त के वितरण तक देशभर में लगभग 15 लाख लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल चुका है।

कार्यक्रम में बताया गया कि कानपुर नगर में अब तक 327 नियोक्ताओं को 721.64 लाख रुपये तथा 3,653 कर्मचारियों को 192.20 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा चुकी है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन और श्रमिकों के आर्थिक सशक्तिकरण को नई गति मिली है।
इस अवसर पर नीलिमा कटियार ने कहा कि प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना युवाओं की ऊर्जा को देश की कार्यशक्ति में बदलने का सशक्त माध्यम बनेगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह योजना युवाओं को रोजगार, सम्मान और आत्मनिर्भरता की राह पर आगे बढ़ाने का कार्य कर रही है।
कार्यक्रम में रीजनल पीएफ कमिश्नर-2 कुमार अभिषेक, सुजाता कटियार, अंकुर पाल, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर राहुल गुप्ता एवं रोहित गुप्ता, बलराम नरूला, संदीप अवस्थी, लाड़ली प्रसाद, मनोज बंका, उमंग अग्रवाल, संजीव कपूर, मयंक विज, अंश चंदेल, हर्ष तनेजा सहित उद्योग जगत से जुड़े अनेक प्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


