वृद्धाश्रम और मदर टेरेसा निर्मल हृदय के भ्रमण से विद्यार्थियों में सेवा और संवेदना की भावना हुई मजबूत
- नरेश राठौर
झांसी। समर इंटर्नशिप प्रोग्राम-2026 के 29वें दिन विद्यार्थियों को सामाजिक उत्तरदायित्व, संवेदनशीलता और सामुदायिक सहभागिता से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न सामाजिक संस्थानों का भ्रमण कराया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत बैच-1 के विद्यार्थियों ने वृद्धाश्रम का भ्रमण किया, जहां उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से संवाद स्थापित किया और उनके सामाजिक, भावनात्मक एवं कानूनी मुद्दों को निकटता से समझा। इस अवसर पर विद्यार्थियों को बुजुर्गों के सम्मान, देखभाल और गरिमापूर्ण जीवन के महत्व से अवगत कराया गया।

वहीं बैच-4 के विद्यार्थियों ने मदर टेरेसा निर्मल हृदय संस्थान का दौरा किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने संस्थान द्वारा निराश्रित एवं जरूरतमंद लोगों की सेवा के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी प्राप्त की। संस्थान की सेवाभावना और मानवीय दृष्टिकोण ने विद्यार्थियों को समाज सेवा एवं मानवता के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझने के लिए प्रेरित किया।
समर इंटर्नशिप प्रोग्राम के अंतर्गत आयोजित इन गतिविधियों ने विद्यार्थियों को कानूनी शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक न्याय, संवेदनशीलता और मानवीय मूल्यों के प्रति जागरूक किया। आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के अनुभव विद्यार्थियों में सेवा, सहानुभूति और सामाजिक प्रतिबद्धता की भावना को मजबूत करते हैं।


