फर्जी वेबसाइट और ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए लोगों को बनाते थे शिकार, हार्दोई पुलिस ने 26 मोबाइल, 4 लैपटॉप समेत बड़ी मात्रा में डिजिटल उपकरण किए बरामद
- मौनेंद्र कुमार
हरदोई। साइबर अपराध के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत हार्दोई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना साइबर क्राइम पुलिस ने फर्जी वेबसाइटों और ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स के माध्यम से लोगों के साथ साइबर ठगी करने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त संगठित गिरोह बनाकर साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम देते थे। कार्रवाई के दौरान उनके कब्जे से साइबर अपराध में प्रयुक्त 26 मोबाइल फोन, 4 लैपटॉप, 2 टैबलेट, 42 सिम कार्ड, 6 एटीएम कार्ड, 4 बैंक पासबुक तथा अज्ञात व्यक्तियों के प्रतिरूपित दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी फर्जी वेबसाइटों और ऑनलाइन गेमिंग ऐप्स के माध्यम से लोगों को अपने जाल में फंसाकर उनसे धनराशि ठगते थे। गिरोह द्वारा विभिन्न बैंक खातों, सिम कार्डों और एटीएम कार्डों का दुरुपयोग कर फर्जी यूपीआई आईडी संचालित की जाती थी।
पुलिस के मुताबिक ठगी से प्राप्त रकम को छिपाने के लिए धनराशि को अलग-अलग बैंक खातों और विभिन्न ऑनलाइन प्लेटफॉर्मों के माध्यम से स्थानांतरित किया जाता था, जिससे जांच एजेंसियों को गुमराह किया जा सके।
हार्दोई पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई को साइबर अपराध के विरुद्ध बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों तथा उनके नेटवर्क के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
साइबर अपराध के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति के तहत उत्तर प्रदेश पुलिस लगातार ऐसे संगठित गिरोहों पर शिकंजा कस रही है, जिससे आम नागरिकों को साइबर ठगी से सुरक्षित रखा जा सके।


