
120 मोबाइल फोन समेत लाखों की नकदी, बैंक कार्ड, दस्तावेज व आभूषण बरामद
- रवि कुमार गुप्ता
झांसी। जनपद में साइबर फ्रॉड की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए झांसी पुलिस द्वारा विभिन्न साइबर पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई की गई। प्रतिबिम्ब, एनसीआरपी और समन्वय पोर्टल के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेते हुए पुलिस ने 23 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
120 मोबाइल फोन समेत भारी मात्रा में सामान बरामद
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से साइबर अपराध में प्रयुक्त 120 मोबाइल फोन, 35 डेबिट कार्ड, 20 आधार कार्ड, 4 वोटर आईडी, 1 लैपटॉप, 1 टैबलेट, 29 बैंक पासबुक और 13 बैंक कार्ड बरामद किए गए।
इसके अलावा पुलिस ने पीली धातु के 284 ग्राम, सफेद धातु के 1,408 ग्राम आभूषण/सामग्री तथा 9 लाख 20 हजार 510 रुपये की नकदी भी बरामद की है।
साइबर अपराध पर प्रभावी अंकुश की दिशा में अहम कार्रवाई
झांसी पुलिस की यह कार्रवाई जनपद में साइबर फ्रॉड एवं अन्य अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पुलिस की सतर्कता, सक्रियता और त्वरित कार्रवाई से साइबर अपराधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया गया।

अधिकारियों को प्रशस्ति-पत्र देकर किया गया सम्मानित
अपराध नियंत्रण की दिशा में उत्कृष्ट योगदान के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति, पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम झांसी अरीबा नोमान तथा साइबर थाना झांसी के प्रभारी निरीक्षक सतेन्द्र सिंह यादव को जोनल कार्यालय कानपुर में प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर श्रीमती अनुपम कुलश्रेष्ठ ने झांसी पुलिस द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बी.बी.जी.टी.एस. मूर्ति के नेतृत्व में झांसी पुलिस द्वारा अपराध एवं साइबर फ्रॉड के विरुद्ध की जा रही प्रभावी कार्रवाई की सराहना करते हुए पुलिस अधिकारियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


