अमेजन पार्सल धोखाधड़ी गिरोह के पर्दाफाश समेत प्रभावी पुलिसिंग के लिए एडीजी ने प्रदान किया प्रशस्ति-पत्र
- आशीष तिवारी
कानपुर देहात। जनपद कानपुर देहात पुलिस द्वारा अपराध नियंत्रण एवं प्रभावी पुलिसिंग के क्षेत्र में किए जा रहे सराहनीय कार्यों के लिए पुलिस अधीक्षक श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय को सम्मानित किया गया। जनपद पुलिस द्वारा ’अमेजन पार्सल धोखाधड़ी’ गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त फर्जी नाम-पते एवं सिम कार्ड का इस्तेमाल कर हाई-वैल्यू उत्पादों के ऑर्डर करते थे। डिलीवरी के दौरान ऑर्डर निरस्त कर अमेजन कंपनी से भुगतान की राशि वापस प्राप्त करने के साथ ही पार्सल में हेराफेरी कर धोखाधड़ी की जाती थी।
हीट गन से पार्सल खोलकर निकालते थे असली सामान
अभियुक्त हीट गन की सहायता से पार्सल को खोलकर उसमें मौजूद मूल सामान निकाल लेते थे। इसके बाद उसकी जगह डमी सामान रखकर पैकेट को दोबारा सील कर अमेजन कार्यालय में जमा कर दिया जाता था। इस तरीके से कंपनी को आर्थिक नुकसान पहुंचाकर अवैध लाभ अर्जित किया जा रहा था।
पुलिस कार्रवाई के दौरान अभियुक्तों के कब्जे से 8 लाख रुपये नकद, 3 मोबाइल फोन, 6 सिम कार्ड, एक दोपहिया वाहन और एक चारपहिया वाहन बरामद किया गया। वहीं, बैंक खाते में जमा करीब 2 लाख रुपये की धनराशि फ्रीज कराने की कार्रवाई भी की गई।
प्रभावी नेतृत्व के लिए एसपी को मिला प्रशस्ति-पत्र
जनपद में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने तथा प्रभावी पुलिसिंग के क्षेत्र में उत्कृष्ट नेतृत्व एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए पुलिस अधीक्षक कानपुर देहात श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय को कानपुर जोन के जोनल कार्यालय में प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक कानपुर जोन अनुपम कुलश्रेष्ठ द्वारा एसपी श्रद्धा नरेन्द्र पाण्डेय को प्रशस्ति-पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर उनके नेतृत्व में कानपुर देहात पुलिस द्वारा किए जा रहे सराहनीय कार्यों की प्रशंसा की गई तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।


